काकोरी में बुजुर्ग के साथ हुए शर्मनाक मामले पर सुहेलदेव,
आर्मी ने थाने का किया घेराव
2 months ago Written By: Aniket Prajapati
लखनऊ के काकोरी क्षेत्र में बुजुर्ग रामपाल के साथ हुई शर्मनाक घटना के विरोध में सुहेलदेव आर्मी संगठन के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को काकोरी थाने का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने न्याय की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका कहना था कि मामले में पुलिस अब तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं कर रही है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
पीड़ित से की मुलाकात घेराव से पहले संगठन के कार्यकर्ता पीड़ित बुजुर्ग रामपाल से मिले और उनका हालचाल जाना। रामपाल ने घटना की दर्दनाक कहानी सुनाई। उसके बाद ही कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस की कार्रवाई धीमी और असंतोषजनक रही है। संगठन ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की। थाने के बाहर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने बातचीत कर स्थिति को काबू में किया।
घटना का पूरा मामला
काकोरी थाना क्षेत्र में 20 अक्टूबर की रात 65 वर्षीय रामपाल शीतला माता मंदिर के पास से गुजर रहे थे। अचानक उनकी तबीयत खराब हुई और वह मंदिर की सीढ़ियों पर बैठ गए। तभी उनकी पेशाब निकल गई। यह देख मौके पर मौजूद स्वामीकांत नामक व्यक्ति ने बुजुर्ग को अपमानित किया और उनसे पेशाब चटवाया। इसके बाद उसने पूरे मंदिर की सफाई के बहाने पानी डाला। इस शर्मनाक मामले में आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
संगठन की मांग और चेतावनी सुहेलदेव आर्मी संगठन ने कहा कि बुजुर्ग के साथ हुई इस शर्मनाक घटना को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार और पुलिस से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि अगर न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन और तेज होगा और पूरे क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन बढ़ेंगे।