कोबरा के डसने पर तड़पती रही महिला, ससुराल वाले देखते रहे तमाशा,
कानपुर में दहेज की हैवानियत
1 months ago Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: कानपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दहेज के लिए ससुराल वालों ने अमानवीयता की सारी सीमाएं तोड़ दीं। आरोप है कि उन्होंने नवविवाहिता को कमरे में बंद कर उस पर जिंदा कोबरा सांप छोड़ दिया। सांप ने महिला को डंस लिया और वह दर्द से तड़पती रही, जबकि ससुराल वाले पास खड़े होकर हंसते रहे। किसी तरह सूचना मायके वालों तक पहुंची, जिसके बाद पीड़िता को अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के बाद बढ़ने लगी दहेज की मांग मामला कानपुर के कर्नलगंज इलाके का है। यहां रेशम की शादी 19 मार्च 2021 को शहनवाज से हुई थी। शादी के कुछ महीनों बाद ही ससुराल पक्ष ने दहेज की मांग शुरू कर दी। पहले डेढ़ लाख रुपये कमरे के लिए मांगे गए, जो लड़की के पिता ने किसी तरह पूरे किए। लेकिन लालच यहीं नहीं रुका और मांग बढ़कर 5 लाख रुपये तक पहुंच गई। जब यह रकम नहीं दी जा सकी तो 18 सितंबर को रेशम को एक पुराने कमरे में बंद कर दिया गया।
कोबरा से कराया हमला देर रात कमरे में कोबरा छोड़ दिया गया जिसने रेशम को डंस लिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर भी ससुराल वाले मदद करने के बजाय हंसते रहे। इसी बीच रेशम ने मोबाइल से अपने मायके वालों को खबर दी। बहन तुरंत मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस और डॉक्टरों ने दी जानकारी डॉक्टरों के अनुसार, पीड़िता की हालत नाजुक बनी हुई है और इलाज जारी है। वहीं, संयुक्त पुलिस आयुक्त आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस के संज्ञान में यह पहला ऐसा मामला आया है, जहां किसी महिला को परेशान करने के लिए सांप से हमला कराया गया हो। उन्होंने कहा कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच शुरू हो गई है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।