ब्रजेश गुप्ता हत्याकांड में आजीवन सजा का ऐतिहासिक फैसला,
परिवार को मिली 16 साल बाद मिला न्याय
10 days ago Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: कानपुर के बहुचर्चित पत्रकार बृजेश गुप्ता हत्याकांड में न्याय की लंबी लड़ाई आखिरकार अपने निष्कर्ष पर पहुंच गई। अपर सत्र न्यायाधीश (एडीजे)-19 की अदालत ने मुख्य आरोपी न्यूज एंकर कनिका ग्रोवर, उसके भाई सन्नी और मन्नी, और रिश्तेदार सुरजीत सिंह को हत्या के जुर्म में आजीवन कारावास की सजा सुनाई। वहीं, सबूत मिटाने के मामले में आरोपी राजीव कुमार उर्फ बंटी को पांच साल की कैद दी गई। यह फैसला पीड़ित परिवार के लिए 16 साल बाद राहत की सांस लेकर आया, जिन्होंने न्याय के लिए लंबा संघर्ष किया।
घटना का पूरा मामला यह घटना जून 2009 की है। कानपुर के बाबूपुरवा इलाके में रहने वाले बृजेश गुप्ता, जो सीएनएन न्यूज चैनल के संचालक थे, को 13 जून की शाम करीब साढ़े चार बजे गोशाला चौराहे के पास उनकी कार में कनिका ग्रोवर, उनके भाई सन्नी, मन्नी और सुरजीत सिंह के साथ देखा गया। बृजेश ने अपने भाई प्रभात को कहा था कि वे कनिका को घर छोड़कर लौट आएंगे, लेकिन वे कभी वापस नहीं आए। अगले दिन उनकी कार की पिछली सीट पर बोरे में बंधा शव मिला। शव की हालत अत्यंत दर्दनाक थी। दोनों हाथ टेढ़े-मेढ़े, सिर से खून बह रहा था और उनकी रिवॉल्वर व पांच अंगूठियां गायब थीं। प्रभात ने तुरंत गोविंद नगर थाने में हत्या की एफआईआर दर्ज कराई।
हत्या के पीछे का कारण जांच में खुलासा हुआ कि हत्या कनिका के घर पर की गई, जहां चाकू, सुम्मी और हथौड़े से हमला किया गया। आरोपी पक्ष ने कहा कि उन्हें शक था कि बृजेश ने कनिका के पिता राजेंद्र ग्रोवर को जेल भिजवाया था। इससे नाराज होकर उन्होंने बृजेश को धमकियां दी थीं।
अदालत का फैसला
अदालत में अभियोजन पक्ष ने 10 गवाहों के बयान, सबूत और आरोपी पक्ष के कबूलनामे पेश किए। अदालत ने कनिका, सन्नी, मन्नी और सुरजीत को धारा 302 के तहत दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास दिया। बंटी को सबूत नष्ट करने की धारा 201 के तहत 5 साल कैद सुनाई गई। अल्का ग्रोवर को पर्याप्त सबूत न मिलने पर बरी कर दिया गया।
पीड़ित परिवार की प्रतिक्रिया पीड़ित भाई प्रभात गुप्ता ने कहा, 16 साल की लंबी लड़ाई के बाद न्याय मिला। मेरे भाई की आत्मा को शांति मिलेगी। वकील गौरेंद्र नारायण त्रिपाठी ने कहा कि यह फैसला पत्रकारों की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था में विश्वास बढ़ाने वाला है।