शादी का झांसा देकर महिला डॉक्टर से रेप,
GSVM मेडिकल कॉलेज की घटना, FIR दर्ज
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: कानपुर जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में तैनात एक महिला डॉक्टर ने आरोप लगाया है कि एक सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर ने शादी का झांसा देकर उसके साथ रेप किया। महिला डॉक्टर ने बताया कि आरोपी डॉक्टर ने उसकी भावनाओं का फायदा उठाया और शादी करने का वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब महिला ने शादी के लिए दबाव डाला तो आरोपी ने उसे मारपीट कर भगा दिया। महिला की तहरीर पर चकेरी थाने में FIR दर्ज की गई है।
शादी का झांसा देकर किया रेप
बता दें कि महिला डॉक्टर कानपुर के चकेरी क्षेत्र की रहने वाली हैं। उसने अपनी शिकायत में बताया कि करीब ढाई साल पहले उसकी मुलाकात बुलंदशहर के डॉक्टर अभिषेक भास्कर से हुई थी। महिला का कहना है कि अभिषेक ने खुद को अविवाहित बताकर महिला को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। दो साल पहले अभिषेक ने उसे पढ़ाई के बहाने अपने कमरे में बुलाया और वहां उसका रेप किया। जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे शादी का वादा करके चुप करवा लिया।
शादी के बात पर युवक ने की मारपीट
कुछ समय बाद जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उससे मारपीट शुरु कर दी। महिला ने कहा कि आरोपी ने अपने माता-पिता के कहने पर उसका नंबर ब्लॉक कर दिया और कानपुर से भागकर अपने घर बुलंदशहर चला गया। इस घटना के बाद महिला डॉक्टर डिप्रेशन में चली गई।
महिला डॉक्टर की शिकायत पर FIR दर्ज
इंस्पेक्टर संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि महिला डॉक्टर की तहरीर पर FIR दर्ज कर ली गई है। आरोपी डॉक्टर को जल्द ही पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। यह घटना कानपुर में एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़ा करती है। इस मामले की गंभीरता से पूरी जांच की जा रही है और उम्मीद है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।