माँ ने प्रेम विवाह से रोका तो बेटे ने की हत्या,
खुद ही बुलाई पुलिस
8 days ago
Written By: State Desk
लखनऊ: कानपुर के हनुमंत विहार इलाके में लव मैरिज की जिद के चलते माँ बेटे के रिश्ते को तार-तार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने लव मैरेज की जिद के चलते अपनी ही माँ की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। आरोपी बेटे ने वारदात को अंजाम देने के बाद खुद पुलिस को फोन कर इसकी जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामल शादी के चलते जायदाद बंटवारे का भी बताया जा रहा है।
इलाज के लिए बेटी के घर आई थीं महिला
जानकारी के मुताबिक, मृतका प्रमिला सिंह (55) फतेहपुर की रहने वाली थीं। करीब 10 दिन पहले सिकाई के दौरान गर्म पानी से जल जाने के बाद वह इलाज के लिए अपनी बेटी प्रीतू सिंह के घर, हनुमंत विहार स्थित नारायणपुर आई थीं। 30 मार्च से प्रमिला अपनी बेटी के घर रह रही थीं।
फोन पर हुआ विवाद, बेटे ने गुस्से में की हत्या
मृतका की बेटी प्रीतू ने बताया कि मंगलवार सुबह आरोपी राजा सिंह (28) ने अपनी मां को फोन कर घर बुलाया। जब प्रमिला ने तबीयत का हवाला देकर आने से मना किया तो दोनों में कहासुनी हो गई। इसके बाद राजा बगैर बताए 9:45 बजे घर आ धमका। गेट खोलते ही उसने मां को लात मार दी। जमीन पर गिरने के बाद मां ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। विवाद इतना बढ़ गया कि राजा ने जेब से चाकू निकाला और ताबड़तोड़ वार कर दिए। बीच-बचाव करने आई बहन प्रीतू को भी जान से मारने की धमकी दी।
शादी के लिए जमीन अपने नाम कराने का दबाव
परिजनों के मुताबिक, आरोपी राजा पिछले ढाई-तीन साल से एक लड़की से प्रेम करता था। मां को वह लड़की पसंद नहीं थी। कई बार दोनों के बीच इस बात को लेकर विवाद हो चुका था। लड़की वालों ने भी घर-ज़मीन अपने नाम कराने की शर्त रखी थी। बताया जा रहा है कि मृतका प्रमिला सिंह पहले ही आरोपी बेटे के नाम 2 बीघे जमीन कर चुकी थीं, लेकिन वह बाकी जमीन भी अपने नाम कराना चाहता था।
हत्या के बाद खुद पुलिस को दी सूचना
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने हनुमंत विहार थाने फोन कर मां की हत्या करने की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
क्या बोले ADCP ?
एडीसीपी महेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लव मैरिज की जिद और मां के विरोध के चलते हत्या किए जाने की बात सामने आई है। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।