कानपुर चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू:
शेर और मोर की मौत के बाद ZOO में रेड अलर्ट... बंद हुआ 19 मई तक, 26 कर्मचारियों के लिए गए सैंपल
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Bird Flu Alert in Kanpur Zoo: कानपुर के चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू का खतरा बढ़ गया है। तीन दिन पहले बब्बर शेर पटौदी की मौत हुई। उसकी रिपोर्ट H5N1 पॉजिटिव आई। इसके बाद मोर की भी मौत हुई और उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली, जिसके बाद ब्राह्मी बतख की भी मौत हो गई, बता दें कि उसकी जांच भोपाल लैब में भेजी गई है। इस कारण चिड़ियाघर में रेड अलर्ट घोषित कर दिया गया है। प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कर्मचारियों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। चिड़ियाघर को 19 मई तक बंद कर दिया गया है। साथ ही आसपास का क्षेत्र 1 किलोमीटर तक रेड जोन घोषित किया गया है।
बर्ड फ्लू की पुष्टि और जांच
दरअसल, शेर पटौदी और मोर की जांच रिपोर्ट में बर्ड फ्लू पाया गया है। बतख की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। चिड़ियाघर प्रशासन ने कर्मचारियों की भी जांच कराई। शनिवार को 26 कर्मचारियों के सैंपल लिए गए। ये सैंपल लखनऊ की लैब में भेजे जाएंगे। रिपोर्ट मंगलवार तक मिलने की उम्मीद है।
जानवरों की देखभाल में बढ़ाई गई सतर्कता
जानवरों को भोजन के साथ मल्टीविटामिन भी दिया जा रहा है। इससे उनकी इम्युनिटी मजबूत हो। पक्षी और जानवरों की हर दो घंटे बाद निगरानी की जा रही है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि गर्मी के कारण कुछ पक्षी सुस्त नजर आ रहे हैं। वहीं बाघिन भी खाना कम खा रही है, उस पर भी नजर रखी जा रही है।
संक्रमण रोकने के लिए सुरक्षा उपाय
चिड़ियाघर में संक्रमण रोकने के लिए पीपीई किट पहनकर कर्मचारियों ने सैनिटाइजेशन किया। धुआं और पानी के छिड़काव से फॉगिंग की जा रही है। यह काम सात दिन तक चलता रहेगा। मांसाहारी जानवरों को अब चिकन और अंडा नहीं दिया जा रहा। चिकन की आपूर्ति रोक दी गई है। कर्मचारियों की संख्या भी कम कर दी गई है। एक कर्मचारी केवल एक बाड़े के जानवरों की देखभाल करेगा।
लोगों से की गई अपील
चिड़ियाघर प्रशासन ने जनता से कहा है कि अगर कहीं भी मृत पक्षी दिखें तो तुरंत सूचना दें। प्रशासन ने आसपास के एक किलोमीटर क्षेत्र को रेड जोन घोषित किया है। इस दौरान चिड़ियाघर बंद रहेगा और किसी भी बाहरी व्यक्ति को एंट्री नहीं मिलेगी।
जिला प्रशासन की सतर्कता
जिले में पोल्ट्री फार्मों से 90 मुर्गों के रैंडम सैंपल लिए गए हैं। ये जांच के लिए बरेली लैब भेजे गए हैं। 11 नोडल अधिकारी बनाए गए हैं जो संक्रमण पर नजर रखेंगे। जू डायरेक्टर श्रद्धा यादव ने कहा कि सभी जानवर स्वस्थ हैं पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही स्टाफ की जांच भी की जा रही है।