लखीमपुर में सरकारी स्कूल से उतारा तिरंगा, फहराया फिलिस्तीन का झंडा,
युवकों पर FIR दर्ज
7 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: लखीमपुर खीरी जिले में रविवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के लखाह गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में कुछ अराजक तत्वों ने छत पर लगे तिरंगे झंडे को उतारकर उसकी जगह फिलिस्तीन का झंडा फहरा दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया और लोग हैरान रह गए कि आखिर स्कूल में इस तरह की हरकत किस तरह हो सकती है। मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंचते ही अधिकारियों ने गंभीरता दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।
गांव के युवक ने दी तहरीर
यह मामला तब सामने आया जब गांव के ही संजय त्रिपाठी ने थाने में लिखित तहरीर दी। उन्होंने बताया कि गांव के रहने वाले सद्दाम, बाउरा, अन्ने और एक अज्ञात युवक ने मिलकर स्कूल की छत पर चढ़कर तिरंगा झंडा उतार दिया। इसके बाद उन्होंने फिलिस्तीन का झंडा फहरा दिया। संजय त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने इस घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज
घटना की सूचना पर पुलिस तुरंत हरकत में आई और तीन नामजद तथा एक अज्ञात युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। फूलबेहड़ थाने की पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस ने यह भी कहा कि इस तरह की हरकत किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इलाके में बढ़ा आक्रोश
इस घटना के बाद से गांव और आसपास के इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। खासतौर पर हिंदूवादी संगठनों में इसे लेकर गुस्सा साफ देखा जा सकता है। लोग इस बात से नाराज हैं कि सरकारी स्कूल में तिरंगे का अपमान हुआ और खुलेआम दूसरे देश का झंडा फहरा दिया गया। प्रशासन अब हालात पर नजर बनाए हुए है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चौकसी बढ़ा दी गई है।