लखनऊ में शराब दुकानों पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 9 शॉप्स सील,
कई को नोटिस
1 months ago
Written By: Aniket Prajapati
लखनऊ। नगर निगम ने रविवार को बिना ट्रेड लाइसेंस के चल रही शराब दुकानों पर बड़ी कार्रवाई की। जोन-4 की टीम ने शहर के कई इलाकों में छापा मारकर 9 शराब और बीयर की दुकानों को सील कर दिया। जिन इलाकों में कार्रवाई हुई, उनमें हुसडिया चौराहा, कमता, साइबर हाइट्स, अहिमामऊ बाजार और फीनिक्स प्लासियो मॉल शामिल हैं। यह कार्रवाई नगर निगम के उस अभियान का हिस्सा है, जिसमें बिना लाइसेंस चल रहे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सख्ती की जा रही है।
9 शराब दुकानों पर ताले, कई को नोटिस
निगम टीम ने विराम खंड-1 की मॉडल शॉप, कमता विक्रांत खंड की मॉडल शॉप, साइबर हाइट्स स्थित जाओ बार और जलवा बार, फीनिक्स प्लासियो मॉल की दो लिकर शॉप्स और अहिमामऊ बाजार की अंग्रेजी शराब व बीयर शॉप को सील किया। इसके अलावा मल्हौर की एक मॉडल शॉप को भी बंद किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, कुछ दुकानदारों ने रविवार शाम तक लाइसेंस शुल्क जमा कर दिया, जिसके बाद नियमों के तहत उन्हें खोलने की अनुमति दी गई।
निगम की सख्ती से मचा हड़कंप
नगर निगम का कहना है कि यह अभियान व्यवसायिक गतिविधियों को नियमों के दायरे में लाने और राजस्व को मजबूत करने के लिए चलाया जा रहा है। इस सख्ती के बाद शहर के अन्य बार, रेस्टोरेंट और दुकानों में भी हड़कंप मच गया है। निगम ने चेतावनी दी है कि अब किसी भी कॉमर्शियल आउटलेट को बिना वैध लाइसेंस के संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी।
निगम अधिनियम के तहत जरूरी है ट्रेड लाइसेंस
नगर निगम अधिनियम के अनुसार, शहर में संचालित होने वाले बार, होटल, रेस्टोरेंट, नर्सिंग होम, क्लिनिक, पैथोलॉजी लैब, ईंट भट्ठा, शराब और बीयर की दुकानें इत्यादि के लिए ट्रेड लाइसेंस अनिवार्य है। अभियान की अगुवाई जोनल अधिकारी संजय यादव ने की। उनके साथ टैक्स सुपरिंटेंडेंट अनुराग उपाध्याय, बनारसी दास, टैक्स इंस्पेक्टर अजय वर्मा, विशाल श्रीवास्तव और लाइसेंस विभाग व ईटीएफ टीम मौजूद रही। पूरी कार्रवाई पुलिस बल की मदद से संपन्न हुई।
नगर आयुक्त बोले- आगे भी जारी रहेगा अभियान
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कहा कि ट्रेड लाइसेंस केवल एक औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह वैधता, स्वच्छता और सुरक्षा से जुड़ा दस्तावेज है। उन्होंने सभी व्यापारियों को चेतावनी दी कि वे समय रहते अपने लाइसेंस का नवीनीकरण करा लें, वरना आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
इसे भी देखें...