इंडिगो की फ्लाइट से सामान गायब, यात्रियों ने कटा बवाल,
लगे गंभीर आरोप, जांच की मांग
8 days ago
Written By: State Desk
लखनऊ: राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार देर रात उस वक्त हंगामा मच गया, जब भोपाल से आए यात्रियों को दिल्ली में उनका सामान छूटने की जानकारी मिली। इंडिगो एयरलाइंस की कनेक्टिंग फ्लाइट से आए यात्रियों ने सामान न मिलने और फ्लाइट में देरी को लेकर जमकर नाराजगी जताई। यात्रियों ने देरी के बावजूद एयरलाइन पर खाना न देने और ठीक से व्यहार न करने के आरोप लगाए। जिसको लेकर एयरपोर्ट पर काफी गहमा-गहमी का माहौल रहा।
दोनों फ्लाइट लेट, खाना भी नहीं मिला
जानकारी के अनुसार, भोपाल से दिल्ली की फ्लाइट पहले ही तीन घंटे देरी से चली थी। इसके बाद दिल्ली से लखनऊ आने वाली फ्लाइट को रात 10:40 बजे पहुंचना था, लेकिन यह करीब ढाई घंटे की देरी से रात 12:30 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर पहुंची। इस बीच न तो यात्रियों को समय पर खाना उपलब्ध कराया गया और न ही देरी का कोई संतोषजनक कारण बताया गया। यात्रियों ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर भी कुछ ही लोगों को खाना दिया गया।
सामान गायब, जवाब देने वाला कोई नहीं
लखनऊ पहुंचने के बाद जब यात्रियों ने अपने बैगेज के बारे में जानकारी मांगी, तो एयरलाइंस के कर्मचारियों ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। मौके पर कोई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद नहीं था। कर्मचारियों ने सिर्फ इतना कहा कि यात्रियों का सामान उनके घर भिजवा दिया जाएगा। इस अव्यवस्था से नाराज यात्रियों ने अधिकारियों का फोन नंबर मांगा, लेकिन उन्हें वह भी नहीं दिया गया।
बैगेज बेल्ट की खराबी बनी वजह
इंडिगो के कर्मचारियों ने हंगामा कर रहे यात्रियों को दिल्ली एयरपोर्ट के बैगेज बेल्ट में आई खराबी को सामान छूटने की वजह बताया। यात्रियों ने बताया कि इंडिगो जैसी प्रमुख एयरलाइंस से इस तरह की लापरवाही की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने इस घटना की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
यात्रियों में रोष, जांच की मांग
यात्रियों का कहना है कि घंटों की देरी, खाने की किल्लत और सामान खो जाने जैसी लापरवाही ने उनकी यात्रा का अनुभव खराब कर दिया। उन्होंने संबंधित विभाग और एयरलाइंस से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि आगे इस तरह की लापरवाही न दोहराई जाए।