लखनऊ में बढ़ी गुलाबी ठंड, तापमान में गिरावट और हवा में धुंध,
एयर क्वालिटी भी खराब श्रेणी में
1 months ago
Written By: Aniket Prajapati
लखनऊ में नवंबर की ठंड अब दस्तक दे चुकी है। मंगलवार सुबह से मौसम साफ है, लेकिन गुलाबी सर्दी का असर बढ़ गया है। रात के वक्त ठंडक तेज महसूस हो रही है और तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सुबह-सुबह हल्की धुंध भी छाई रही। मौसम विभाग के अनुसार, आज शहर का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री तक रहने की संभावना है।
रात में बढ़ी सर्दी, दिन में हल्की धूप
सोमवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 1.6 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक रहा। शहर की अधिकतम आर्द्रता 85% और न्यूनतम 44% रही। हवा में ठंडक के साथ हल्की नमी भी महसूस की गई। हालांकि, हवा की गुणवत्ता में कोई सुधार नहीं हुआ और प्रदूषण का स्तर “खराब” श्रेणी में बना हुआ है।
प्रदूषण का स्तर यलो जोन में, तालकटोरा में सबसे खराब हालात
लखनऊ की एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग रिपोर्ट के मुताबिक, शहर का औसत AQI (एयर क्वालिटी इंडेक्स) सुबह के समय 160 रिकॉर्ड किया गया। सबसे खराब स्थिति तालकटोरा औद्योगिक क्षेत्र की रही, जहां AQI 210 तक पहुंच गया। इसके अलावा अंबेडकर यूनिवर्सिटी में 167, अलीगंज में 160, लालबाग में 158, गोमतीनगर में 135 और कुकरैल में 130 AQI दर्ज हुआ। शाम 4 बजे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार लखनऊ का कुल AQI स्तर 173 रहा, जो “यलो जोन” की खराब श्रेणी में आता है।
आने वाले दिनों में बढ़ेगी ठंड, बनेगा पश्चिमी विक्षोभ
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 5 नवंबर के बाद पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बनने वाला पश्चिमी विक्षोभ लखनऊ और उत्तर प्रदेश के उत्तरी इलाकों को प्रभावित करेगा। इससे आसमान में हल्के बादल छा सकते हैं। रात के तापमान में 2 डिग्री तक की गिरावट होने की संभावना है। इसके बाद कुछ दिनों तक तापमान में क्रमिक रूप से दो से तीन डिग्री तक की और कमी हो सकती है।
नवंबर में औसतन सामान्य रहेगा तापमान
मौसम विभाग के दीर्घावधि पूर्वानुमान के अनुसार, नवंबर महीने में तराई क्षेत्रों में दिन का औसत तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहने की संभावना है, जबकि अन्य इलाकों में यह सामान्य से थोड़ा कम रह सकता है। अधिकतर जगहों पर रात का तापमान सामान्य से ऊपर रहने की उम्मीद है। साथ ही अगले कुछ दिनों में कई इलाकों में सुबह के समय धुंध छाने के आसार हैं।