लखनऊ में बढ़ी ठंड और धुंध,
वायु गुणवत्ता हुई खराब मौसम विभाग ने दी जानकारी
1 months ago Written By: ANIKET PRAJAPATI
लखनऊ में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार की सुबह से ही शहर में ठंडी हवाएं और हल्की धुंध छाई रही। सुबह के समय लोगों को ठंड का ज्यादा अहसास हुआ। मौसम विभाग के अनुसार आज लखनऊ का अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दोपहर के समय आसमान साफ रहेगा, लेकिन सुबह और रात में ठंड का असर जारी रहेगा।
शुक्रवार को रिकॉर्ड किया गया सबसे कम तापमान शुक्रवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान इस सीजन में सबसे कम दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री रहा जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री रहा जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम दर्ज किया गया। यानी दिन और रात दोनों ही तापमान में ठंडक बढ़ी है।
लखनऊ की वायु गुणवत्ता खराब स्थिति में पहुंची ठंड के साथ-साथ लखनऊ की हवा भी अब खराब होती जा रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) द्वारा जारी शाम 4 बजे के आंकड़ों के अनुसार, लखनऊ का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 149 रहा जो यलो जोन में है। शहर के कई क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर और बढ़ गया है। अलीगंज का AQI 227, लालबाग 225, तालकटोरा 219 और गोमतीनगर 203 दर्ज किया गया ये सभी ऑरेंज जोन में हैं, यानी हवा ‘खराब श्रेणी’ में पहुंच गई है। वहीं, कुकरैल का AQI 133 और अंबेडकर यूनिवर्सिटी का AQI 124 रहा, जो ‘मॉडरेट’ यानी यलो जोन में आता है। कुल छह मॉनिटरिंग स्टेशनों का औसत AQI सुबह के समय 188 दर्ज किया गया।
पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ी ठंड मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बर्फबारी हुई है। इसी वजह से लखनऊ और पूरे प्रदेश में ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे तापमान में 5 से 8 डिग्री तक की गिरावट आई है। आने वाले दिनों में लखनऊ का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री तक जा सकता है। कानपुर में तापमान 9.2 डिग्री, इटावा में 9.6 डिग्री दर्ज किया गया यानी इस सीजन में पहली बार कई शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले सप्ताह में तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव रहेगा, लेकिन कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।