लखनऊ में बिना लाइसेंस पालतू कुत्ता रखने वालों पर निगम की बड़ी कार्रवाई,
22 हजार का जुर्माना वसूला गया
1 months ago Written By: ANIKET PRAJAPATI
लखनऊ के महानगर इलाके में शुक्रवार को नगर निगम ने पालतू कुत्तों के लाइसेंस चेकिंग अभियान के दौरान सख्त कार्रवाई की। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर जोन-4 के कई इलाकों में यह अभियान चलाया गया। टीमों ने लोहिया पार्क, विराट खंड, विशाल खंड और 1090 चौराहा क्षेत्रों में चेकिंग की। अभियान में प्रवर्तन दल, डॉग कैचिंग स्क्वॉड और निगम की कई टीमें शामिल रहीं।
बिना लाइसेंस वालों पर गिरी गाज, 22 हजार की वसूली अभियान के दौरान चार लोगों को बिना लाइसेंस पालतू कुत्ता रखने का दोषी पाया गया। इन पर कुल 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही मौके पर दो नए लाइसेंस भी बनाए गए, जिससे कुल 22 हजार रुपये निगम कोष में जमा हुए। निगम टीम ने एक लेब्राडोर कुत्ते को अस्थायी रूप से जब्त भी किया, जिसे जुर्माना भरने के बाद छोड़ा गया।
लाइसेंस चेकिंग में दिखा ड्रामा, कई भागे कुत्तों समेत जांच के दौरान कई पालतू कुत्ते मालिक अपने पालतू जानवरों के साथ टीम को देखकर भागते नजर आए। कुछ लोगों ने नगर निगम की टीम को प्रभावित करने की भी कोशिश की। निगम अधिकारियों ने बताया कि ऐसे लोगों को नोटिस जारी करने की तैयारी की जा रही है। वहीं, कई जिम्मेदार लोग लाइसेंस और वैक्सीनेशन कार्ड के साथ नियमों का पालन करते हुए मिले।
नगर निगम की सख्त अपील – बनवाएं लाइसेंस वरना भरें जुर्माना डॉ. अभिनव वर्मा ने बताया कि लखनऊ नगर निगम क्षेत्र में करीब 10 हजार पालतू कुत्ते हैं। सभी मालिकों को कानूनन अपने पालतू श्वानों का लाइसेंस बनवाना जरूरी है, ताकि किसी तरह की कार्रवाई या जुर्माने से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि कुत्ते को टहलाते समय मजबूत रस्सी का प्रयोग अनिवार्य है। निगम का यह अभियान अब नियमित रूप से जारी रहेगा।
ऐसे बनवाएं पालतू कुत्ते का लाइसेंस लाइसेंस के लिए पालतू कुत्ते की रैबीज वैक्सीन का प्रमाणपत्र और श्वान नियंत्रण उपविधि 2003 का पालन जरूरी है। इच्छुक व्यक्ति ऑनलाइन lmc.up.nic.in पर आवेदन कर सकते हैं या नगर निगम लालबाग स्थित पशु कल्याण अधिकारी कार्यालय में जाकर आवेदन दे सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जयंत सिंह (9511156792) और अफसर अली (9721095021) से संपर्क किया जा सकता है।