प्रेम-प्रसंग के चलते प्रेमी-प्रेमिका ने खाया ज़हर,
महिला शादीशुदा, 2 साल से चल रहा था प्रेम संबंध
1 months ago
Written By: STATE DESK
Lovers Suicide Attempt: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सरोजिनी नगर इलाके में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां विगत दो साल से प्रेम-प्रसंग में जुड़े एक युवक और शादीशुदा महिला ने एक साथ ज़हर खा लिया है। घटना के बाद जहां युवक की अस्पताल में मौत हो गई है, वहीं महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
विवाहिता के साथ चल रहा था प्रेम-प्रसंग
मिली जानकारी के मुताबिक, ये घटना राजधानी के सरोजिनी नगर क्षेत्र के तपोवननगर, आज़ादनगर की है। जहां मृतक अर्पित (21) का अपने घर से महज 500 मीटर दूर एक प्लॉट है तथा इसी प्लॉट में वह गाय पालता था और रोजाना गाय को चारा देने के लिए आता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात पड़ोस में रहने वाली शादीशुदा महिला से हुई और दोनों में करीब दो साल से प्रेम संबंध चल रहा था।
फूफा ने दी बेहोशी की सूचना, मौत
मामले की जानकरी देते हुए, मृतक के भाई मुलायम सिंह यादव ने बताया कि, मंगलवार शाम अर्पित हमेशा की तरह गाय को चारा देने गया था और देर शाम उसके फूफा ने फोन कर सूचना दी कि, वह पड़ोसी के घर में बेहोश पड़ा हुआ है। घटना की सूचना के बाद जब वे मौके पर पहुंचे तो उन्हें अर्पित प्लॉट में चारपाई पर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। जिसके बाद परिजनों तत्काल उसे लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
महिला का परिवार फरार, हत्या की आशंका
वहीं इस घटना के मृतक के पारिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। इसपर जानकारी देते हुए मृतक के बड़े भाई ने बताया कि, प्लॉट के पड़ोसी छोटू मौर्य उर्फ राजकुमार, उसकी पत्नी सुमन (प्रेमिका) और पूरा परिवार घर में ताला लगाकर फरार हो गया है। जिसको लेकर अर्पित की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को देखते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मामले में मृतक के परिजनों ने विवाहिता के परिजनों के विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच में प्रेम-प्रसंग की पुष्टि
वहीं इस बबाद जानकारी देते हुए सरोजिनी नगर थाना प्रभारी निरीक्षक राजदेव राम प्रजापति ने बताया कि, प्राथमिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग का प्रतीत हो रहा है। युवक और महिला दोनों ने विषाक्त पदार्थ खाया है। जहां अर्पित को परिजन अस्पताल लेकर गए, वहीं महिला को उसका पति किसी अन्य अस्पताल में ले गया है। पुलिस महिला की स्थिति और उसके स्थान का पता लगाने में जुटी है। पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।