सपा नेता पर मकान कब्जाने का आरोप,
शख्स ने पार्टी दफ्तर के बाहर खुद को लगाई आग
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार 11 सितंबर को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अलीगढ़ से आए एक शख्स ने समाजवादी पार्टी के दफ्तर के बाहर खुद को आग लगा ली। शख्स का आरोप है कि सपा के एक नेता उसके मकान पर कब्जा करना चाहते हैं। उसने कई बार पुलिस और प्रशासन से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर उसने सपा दफ्तर के बाहर ही यह कदम उठा लिया। फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और घायल शख्स अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती है।
पीड़ित की हालत गंभीर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़ित का नाम योगेंद्र उर्फ बॉबी (48) है। वह अपने भाई गुड्डू और गांव की महिला परिचित सबा परवीन के साथ अलीगढ़ से लखनऊ आया था। दोपहर करीब 3 बजे उसने सपा दफ्तर के बाहर आत्मदाह की कोशिश की। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई। डॉक्टरों ने बताया कि योगेंद्र 80 प्रतिशत तक झुलस चुका है। उसका चेहरा, सीना और शरीर का बड़ा हिस्सा जल चुका है। जरूरत पड़ने पर उसे केजीएमयू रेफर किया जा सकता है।
लगाए कई गंभीर आरोप
योगेंद्र ने आरोप लगाया कि उसके तीन भाइयों ने उसके 6 लाख रुपये हड़प लिए और उसकी बहन से बदतमीजी की। उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की लेकिन उसकी एफआईआर नहीं लिखी गई। योगेंद्र का कहना है कि सपा के एक विधायक उसके मकान पर कब्जा करना चाहते हैं। उसने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को भी शिकायत दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
पुलिस और सपा का बयान
लखनऊ पुलिस ने कहा कि प्राथमिक जांच में यह मामला पैसों के लेन-देन से जुड़ा लगता है। तहरीर में भी इस बात का जिक्र है। मामले की गहन जांच की जा रही है। वहीं, सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा की नाउम्मीदी और नाइंसाफी की वजह से युवक ने यह कदम उठाया। उन्होंने मांग की कि घायल को बेहतर इलाज और न्याय मिले।