रक्षा मंत्री के कार्यक्रम में गिरी लखनऊ की मेयर, पैर में फ्रैक्चर,
डाक्टरों ने सुझाया 10 दिन का आराम
5 days ago
Written By: State Desk
लखनऊ: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के लखनऊ दौरे के दौरान शनिवार को एक कार्यक्रम में अचानक उस समय अफरातफरी मच गई, जब लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल मंच की ओर जाते समय गिर पड़ीं। हादसे में मेयर के पैर में गंभीर चोट आ गई। डॉक्टरों ने जांच के बाद पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि की है और उन्हें फिलहाल 10 दिन आराम करने की सलाह दी गई है।
मंच की ओर जाते वक्त हुआ हादसा
दरअसल, शनिवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ पश्चिम मंडल-3, मध्य मंडल-1 और महानगर मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठकें कर संवाद किया। इसी दौरान जब लखनऊ मेयर सुषमा खर्कवाल रक्षा मंत्री के साथ मंच की ओर बढ़ रही थीं, तभी वहां बिछे मैट में उनका पैर उलझ गया। संतुलन बिगड़ने से वह वहीं गिर पड़ीं।
कार्यक्रम के दौरान बैठी रहीं मेयर
घटना के बाद कार्यक्रम के दौरान वह दर्द के बावजूद कुर्सी पर बैठी रहीं और पूरी बैठक में हिस्सा लिया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह लंगड़ाते हुए बाहर आईं और टीम के साथ बलरामपुर अस्पताल पहुंचीं। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनके पैर का एक्स-रे किया, जिसमें फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। इसके बाद तुरंत पैर पर प्लास्टर चढ़ाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें कम से कम 10 दिन बेड रेस्ट की सलाह दी है। घटना के बाद मेयर सुषमा खर्कवाल ने नगर निगम प्रशासन और कार्यकर्ताओं को संदेश दिया है कि वह जल्द स्वस्थ होकर फिर से नगर निगम के कार्यों में सक्रिय होंगी।