लखनऊ में फिर लौट रही गर्माहट,
दिन में बढ़ेगा पारा और रात में रहेगी ठंडक
1 months ago Written By: ANIKET PRAJAPATI
लखनऊ में शुक्रवार सुबह से ही तेज धूप खिली रही। मौसम पूरी तरह साफ है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। बीते दिनों हुई बारिश से जो ठंडक महसूस हो रही थी, अब उसमें कमी आने लगी है। आज से तापमान धीरे-धीरे बढ़ना शुरू हो जाएगा। हालांकि, रात के तापमान में गिरावट बनी रहेगी, जिससे सुबह और रात में हल्की ठंड महसूस होगी।
बारिश के बाद बढ़ा तापमान, धूप में गर्मी का अहसास शुक्रवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान भी 20.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री नीचे रहा। आर्द्रता का स्तर भी ऊंचा रहा अधिकतम 94% और न्यूनतम 81%। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में दिन का तापमान 5 डिग्री तक बढ़ सकता है, जबकि रातें और ठंडी होंगी।
एयर क्वालिटी बनी अच्छी, सबसे स्वच्छ हवा कुकरैल में लखनऊ की हवा में फिलहाल कोई खास प्रदूषण नहीं है। शहर के छह मॉनिटरिंग स्टेशनों पर औसतन AQI 58 दर्ज किया गया, जो ‘अच्छी श्रेणी’ में आता है। सबसे बेहतर हवा कुकरैल इलाके में रही, जहां AQI 42 दर्ज किया गया। गोमतीनगर में 72, लालबाग में 65, अलीगंज और तालकटोरा औद्योगिक क्षेत्र में 59, जबकि अंबेडकर यूनिवर्सिटी पर 54 AQI दर्ज किया गया।
रातें होंगी सर्द, दिन में बढ़ेगा पारा मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, लखनऊ में अगले तीन दिनों में दिन का तापमान 5 डिग्री तक बढ़ सकता है। वहीं रात के तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है। यानी दिन में हल्की गर्मी और रात में ठंड का एहसास रहेगा। नवंबर की शुरुआत से ही सुबह के समय हल्की धुंध दिखने लगेगी।
इस बार अक्टूबर में रिकॉर्ड बारिश मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल अक्टूबर में यूपी में सामान्य से 131% ज्यादा बारिश हुई। औसतन 28.2 मिमी की तुलना में इस बार 65.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश सोनभद्र (211.6 मिमी) और वाराणसी (210.3 मिमी) में हुई।
नवंबर रहेगा सामान्य से गर्म, लेकिन बरसात की संभावना विशेषज्ञों का कहना है कि नवंबर में राज्य की रातें सामान्य से कुछ अधिक गर्म रहेंगी। वर्तमान में प्रशांत महासागर में कमजोर ला-नीना और हिंद महासागर में नकारात्मक द्विध्रुव स्थिति बनी हुई है। इसका असर यह होगा कि नवंबर के दौरान राज्य में सामान्य से अधिक वर्षा की संभावना है। तराई क्षेत्रों में दिन गर्म और बाकी इलाकों में सामान्य तापमान बना रहेगा।
लखनऊ में हवा का 10 दिन का रिकॉर्ड 22 से 27 अक्टूबर तक लखनऊ की हवा ‘पीली श्रेणी’ में रही, जबकि 29 अक्टूबर से हवा में सुधार हुआ और 31 अक्टूबर को AQI 47 दर्ज किया गया, जो ‘ग्रीन श्रेणी’ में आता है।
आने वाले 5 दिन का तापमान पूर्वानुमान 2 नवंबर: 31 / 19°C 3 नवंबर: 30 / 18°C 4 नवंबर: 30 / 17°C 5 नवंबर: 30 / 18°C 6 नवंबर: 31 / 18°C