दो साल बाद भी फाइलों में दबी योजनाएं...
लखनऊ नगर निगम के अधूरे फैसलों पर उठे सवाल
2 months ago Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: नगर निगम लखनऊ की माननीय कार्यकारिणी समिति द्वारा वर्ष 2023 में पारित किए गए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर अब तक प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस निर्णय न लिए जाने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। करीब दो वर्ष का समय बीत जाने के बाद भी इन प्रस्तावों पर अमल न होना निगम प्रशासन की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहा है।
26 जून 2023 की बैठक के निर्णय कार्यकारिणी समिति की बैठक दिनांक 26 जून 2023 को आयोजित हुई थी। इसमें पारित संकल्प संख्या 17 के तहत निर्णय लिया गया था कि नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में निगम की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाकर भूमि को कब्जामुक्त कराया जाए, साथ ही रिक्त पड़ी भूमि का सुव्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित किया जाए। प्रस्ताव में यह भी कहा गया था कि इन भूमियों का आवासीय और व्यावसायिक रूप से उपयोग करते हुए नगर निगम की आय में वृद्धि की जाए। निर्णय सर्वसम्मति से स्वीकृत किया गया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
02 सितंबर 2023 की बैठक के निर्णय इसके बाद 02 सितंबर 2023 को हुई कार्यकारिणी की बैठक में कई प्रमुख प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुए, जिनमें से अब तक किसी पर अमल नहीं हुआ है। संकल्प संख्या 39 में नगर निगम स्वास्थ्य विभाग की 8 डिस्पेंसरी और गनेशगंज डिस्पेंसरी को नगर निगम को हस्तांतरित करने हेतु अधिकारी नियुक्त करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन दो वर्ष बाद भी यह कार्य अधूरा है। संकल्प संख्या 43 में सभी फ्लाईओवर और पुलों के नीचे हुए अतिक्रमणों को हटाकर सौंदर्यीकरण तथा वेंडिंग जोन और पार्किंग क्षेत्र विकसित करने का निर्देश दिया गया था। संकल्प संख्या 50 में पालतू जानवरों के शवों के सम्मानजनक निस्तारण हेतु स्थल चयन और शुल्क निर्धारण की प्रक्रिया नगर आयुक्त को सौंपे जाने का निर्णय लिया गया था। इसके अतिरिक्त अन्य प्रस्ताव संख्या 6 में बैटरी रिक्शा का लाइसेंस नगर निगम से जारी करने, अन्य प्रस्ताव संख्या 9 में अयोध्या रोड स्थित पुरानी चुंगी के पास जर्जर रैन बसेरा तोड़कर कॉम्प्लेक्स निर्माण तथा अन्य प्रस्ताव संख्या 25 में ट्रांसपोर्ट नगर की पार्किंग व्यवस्था में पारदर्शी निविदा प्रणाली से आय बढ़ाने के निर्णय शामिल थे — किंतु इन सभी पर कोई अमल नहीं हुआ।
20 दिसंबर 2023 की बैठक का निर्णय भी अधर में इसी प्रकार 20 दिसंबर 2023 की कार्यकारिणी बैठक में संकल्प संख्या 107 के तहत नक्खास बाजार में महिलाओं के लिए सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया था। इस निर्णय का उद्देश्य महिला स्वच्छता और सुविधा सुनिश्चित करना था, लेकिन यह प्रस्ताव भी अब तक धरातल पर नहीं उतर सका है।