लखनऊ में गंदगी और प्लास्टिक पर बड़ी कार्रवाई,
कई प्रतिष्ठानों पर भारी जुर्माना
5 days ago
Written By: Aniket Prajapati
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नगर निगम ने गंदगी फैलाने वालों और प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 4 और 5 दिसंबर को चले इस विशेष अभियान में कई दुकानों, प्रतिष्ठानों और व्यक्तियों पर भारी जुर्माना लगाया गया। शहर को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। निगम की टीमों ने अलग-अलग जोनों में गंदगी फैलाने, अतिक्रमण करने और पॉलीथीन उपयोग करने वालों पर सख्त कदम उठाए, चालान काटे, सामान जब्त किया और साफ-सफाई की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
बाल्मीकि मार्ग और अन्य जगहों पर कार्रवाई
नगर निगम ने शुक्रवार को कई जगह गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना लगाया। बाल्मीकि मार्ग पर स्थित शर्मा चाय पर सार्वजनिक स्थल पर गंदगी फैलाने के लिए 15,000 रुपए का जुर्माना लगाया गया। इसके साथ अन्य प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई की गई। निगम अधिकारियों ने साफ-सफाई सुनिश्चित करने और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
सफेद बारादरी में 25,000 रुपए का जुर्माना
कैसरबाग स्थित सफेद बारादरी परिसर में गंदगी मिलने पर नगर निगम ने 25,000 रुपए का जुर्माना लगाया। अधिकारियों ने प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कूड़ा प्रबंधन प्रणाली सुधारने और नियमित सफाई रखने के निर्देश दिए।
मड़ियांव और अन्य क्षेत्रों में अभियान, कई चालान
मड़ियांव क्षेत्र में IIM तिराहा से महर्षि यूनिवर्सिटी मार्ग तक अभियान चलाया गया। इस दौरान पॉलीथीन और गंदगी फैलाने पर 32 चालान किए गए और 20,000 रुपए का जुर्माना वसूला गया। खजान मार्केट, आशियाना और SGPGI क्षेत्र में 9,000 रुपए का चालान किया गया। जोन 2 में गंदगी फैलाने पर 26 लोगों से कुल 23,000 रुपए वसूले गए। जोन 6 में गंदगी पर 5,700 और सिंगल यूज प्लास्टिक पर 7,000 रुपए का चालान किया गया।
पिछले दिन भी कई चालान, कुल हजारों का जुर्माना
गुरुवार को भी नगर निगम ने जोन 1 में सड़क किनारे गंदगी फैलाने पर सुनील कुमार पर 2,000 रुपए का जुर्माना लगाया था। जोन 6 में स्वच्छता नियम तोड़ने पर 10 चालान कर 5,200 रुपए वसूले गए। जोन 8 में 8 चालान कर 4,200 रुपए जुर्माना लिया गया। जोन 7 में दो चरणों में पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चलाकर 21,500 रुपए का जुर्माना वसूला गया।