लखनऊ में दबंगों की हैवानियत, लड़की की चोटी पकड़कर सड़क पर घसीटा,
मां को भी पीटा, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
2 months ago Written By: Aniket Prajapati
लखनऊ के वजीरगंज इलाके में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दबंगों ने एक लड़की की चोटी पकड़कर उसे सड़क पर बेरहमी से घसीटा। जब उसकी मां बेटी को बचाने पहुंची तो उन्हें भी डंडों से पीटा गया। घटना के बाद आरोपियों ने घर में घुसकर घरेलू सामान तक बाहर फेंक दिया। यह पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने इस मामले में 21 लोगों पर FIR दर्ज की है।
वजीरगंज इलाके की घटना मामला वजीरगंज थाना क्षेत्र के कुंडरी रकाबगंज, शास्त्रीनगर का है। यहां विमलेश अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनकी पत्नी बीना, बेटा और बेटी शिवानी घर पर रहते हैं, जबकि विमलेश रोज डाला चलाने निकल जाते हैं। शनिवार को जब विमलेश घर पर नहीं थे, तभी दबंगों ने घर में घुसकर हमला किया।
लड़की की शिकायत में सामने आई पूरी कहानी पीड़िता शिवानी ने पुलिस को बताया कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे वह मंदिर में दर्शन के लिए जा रही थी। उसी दौरान उसे कुछ पड़ोसी युवक विरेंद्र द्विवेदी, पन्ना, रिंकू, राम कुमार और शशांक नजर आए। डर के कारण वह सब्जी के ठेले की आड़ में रुक गई, लेकिन तभी युवकों ने उसे पकड़ लिया। उन्होंने उसकी चोटी पकड़कर जमीन पर घसीटा और बेरहमी से पीटा। इसी दौरान उसकी मां बचाने पहुंचीं तो उन्हें डंडे से मारा गया।
शिवानी का कहना है कि इस पूरी घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने भी मदद नहीं की। आरोपी लगातार मारपीट करते रहे और बाद में घर में घुसकर सामान बाहर फेंक दिया।
मंदिर पर कब्जे को लेकर चल रहा विवाद स्थानीय लोगों का कहना है कि यह झगड़ा मंदिर की कब्जेदारी को लेकर है। जिस मंदिर में शिवानी दर्शन करने जा रही थी, उस पर पीड़ित परिवार और आरोपी दोनों ही अपना दावा करते हैं। इसी को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा था।
शिवानी ने बताया कि मंदिर झम्मनदास लोध का है और उनके पूर्वज मंदिर परिसर में ही रहते थे। इसी विवाद को लेकर दबंगों ने हमला किया। घटना के बाद पीड़िता ने सभी 21 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने की कार्रवाई, चार गिरफ्तार वजीरगंज थाना प्रभारी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।