लखनऊ में मौसम का मिजाज बदला: सुबह से छाए बादल,
बर्फीली हवाओं संग गिरा तापमान
2 months ago Written By: Aniket Prajapati
लखनऊ में मौसम ने करवट बदल ली है। बुधवार की सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और बर्फीली हवाएं चल रही हैं। सुबह का तापमान हल्का ठंडा महसूस हुआ। मौसम विभाग ने बताया कि आज लखनऊ का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहेगा। शहर का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 76 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में है।
तीन दिन में 8 डिग्री गिरी पारा
लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में मंगलवार को सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। मंगलवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक रहा। शनिवार को जहां पारा 33 डिग्री तक पहुंचा था, वहीं रविवार को यह 30 और सोमवार को 28 डिग्री दर्ज किया गया। यानी तीन दिनों में तापमान में करीब 8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
एयरपोर्ट और अलीगंज में सबसे ज्यादा बारिश
मंगलवार को राजधानी में कुल 1.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इनमें एयरपोर्ट और अलीगंज इलाकों में सबसे अधिक 3.2 मिलीमीटर बारिश हुई। हनुमान सेतु पर 2.2 मिलीमीटर और मोहनलालगंज में 1.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात ‘मोन्था’ उत्तर प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके असर से 29 से 31 अक्टूबर तक दक्षिणी और पूर्वी यूपी में झोंकेदार हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। वहीं, पूर्वांचल के वाराणसी और मिर्जापुर मंडलों में भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं।
तापमान में लगातार गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में निचले और मध्य वायुमंडल में नमी बनी हुई है। ऊपर की परतों में सक्रिय जेट स्ट्रीम के कारण मंगलवार को अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहे और कई जगह हल्की बारिश हुई। लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने हल्की ठंड महसूस की।
मंगलवार बना अक्टूबर का सबसे ठंडा दिन
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को आगरा का अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री और इटावा का 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अक्टूबर महीने का अब तक का सबसे कम तापमान है। यानी मंगलवार को पूरे प्रदेश में अक्टूबर का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड हुआ। विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे में बादल कुछ कम हो सकते हैं, जिससे अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी। हालांकि, 30 अक्टूबर को ‘मोन्था चक्रवात’ के अवशेष दोबारा पहुंचने से फिर तापमान में गिरावट आएगी। अगले 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।