लखनऊ में निकली तेज धूप, बढ़ने लगा दिन का तापमान,
रातें रहेंगी ठंडी
1 months ago Written By: ANIKET PRAJAPATI
लखनऊ में आज सुबह से ही तेज धूप निकली हुई है और मौसम पूरी तरह साफ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। बीते कुछ दिनों की बारिश के बाद जो ठंडक महसूस हो रही थी, वह अब धीरे-धीरे कम होने लगी है। हालांकि, रात के तापमान में अभी भी गिरावट जारी रहेगी। शुक्रवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से करीब 5.8 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम रहा। शहर में अधिकतम आर्द्रता 94 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 81 फीसदी रही।
लखनऊ की हवा फिलहाल ‘अच्छी’ श्रेणी में लखनऊ की वायु गुणवत्ता (Air Quality) इस समय सामान्य बनी हुई है। सुबह के समय 6 मॉनिटरिंग स्टेशनों का औसत AQI 58 दर्ज किया गया, जो ‘अच्छी’ श्रेणी में आता है। सबसे स्वच्छ हवा कुकरैल क्षेत्र की रही, जहां का AQI 42 दर्ज किया गया। वहीं, गोमतीनगर में 72, लालबाग में 65, अलीगंज में 59, तालकटोरा औद्योगिक क्षेत्र में 59 और अंबेडकर यूनिवर्सिटी में 54 AQI दर्ज किया गया, जो सभी संतोषजनक श्रेणी में हैं।
अगले तीन दिनों में बढ़ेगा दिन का तापमान मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, आने वाले तीन दिनों में लखनऊ का तापमान करीब 5 डिग्री तक बढ़ सकता है। इस दौरान रात का तापमान घटेगा और पारा नीचे जाएगा। यानी दिन में हल्की गर्मी और रात में ठंड का एहसास रहेगा। सुबह के समय हल्की धुंध या कोहरा भी देखने को मिल सकता है।
अक्टूबर में 131% ज्यादा बारिश, नवंबर रहेगा सामान्य से गर्म मौसम विभाग के अनुसार, इस साल अक्टूबर 2025 के दौरान लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में 131% अधिक बारिश दर्ज की गई। जहां सामान्य तौर पर औसतन 28.2 मिमी बारिश होती है, वहीं इस बार अक्टूबर में 65.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश सोनभद्र (211.6 मिमी) और वाराणसी (210.3 मिमी) में हुई। विशेषज्ञों का कहना है कि अक्टूबर में जहां दिन का तापमान सामान्य से 1-3 डिग्री कम रहा, वहीं रात का तापमान 1-2 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया। नवंबर के दौरान भी रातें अपेक्षाकृत गर्म रहने की संभावना है।
ला-नीना और हिंद महासागर की स्थिति का असर मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस समय प्रशांत महासागर में कमजोर ला-नीना की स्थिति और हिंद महासागर की नकारात्मक द्विध्रुव स्थिति बनी हुई है। इसके असर से नवंबर में सामान्य से अधिक वर्षा की संभावना जताई जा रही है। तराई क्षेत्रों में दिन का तापमान थोड़ा अधिक रह सकता है, जबकि पश्चिमी और मध्य यूपी में दिन कुछ ठंडे रहेंगे। कुल मिलाकर, इस बार नवंबर की रातें पिछले सालों से गर्म रहने की उम्मीद है।