लखनऊ में सुबह से धुंध और बादल,
बारिश के आसार यूपी में 4 डिग्री तक गिर सकता है पारा
2 months ago Written By: Aniket Prajapati
लखनऊ में रविवार सुबह से आसमान पर बादलों की परत और हल्की धुंध छाई रही। मौसम विभाग ने शहर के मोहनलालगंज क्षेत्र में हल्की बारिश की संभावना जताई है। अनुमान है कि बारिश 5 मिलीमीटर से कम रहेगी। वहीं, लखनऊ के आसपास के जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज शहर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
लखनऊ की हवा फिर हुई खराब, लालबाग और अलीगंज में AQI ‘ऑरेंज ज़ोन’ में राजधानी की हवा एक बार फिर खराब श्रेणी में पहुंच गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के रविवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, लखनऊ का औसत AQI 160 दर्ज किया गया। लालबाग का AQI 231 और अलीगंज का 207 दर्ज हुआ, जो ‘ऑरेंज ज़ोन’ में आता है। तालकटोरा में AQI 189, गोमतीनगर 117, अंबेडकर यूनिवर्सिटी 106 और कुकरैल 109 रहा, जो सभी ‘येलो ज़ोन’ में मॉडरेट स्तर पर हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक हवा की गुणवत्ता में खास सुधार की उम्मीद नहीं है, क्योंकि हवा की गति बेहद धीमी है और नमी अधिक बनी हुई है।
बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के सिस्टम से बदलेगा मौसम मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टमों के कारण उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश की संभावना बढ़ गई है। पूर्व-मध्य अरब सागर में बने अवदाब (Low Pressure Area) और पश्चिमी मध्य प्रदेश तक फैली द्रोणी रेखा (Trough) की वजह से अरब सागर से लगातार नमी (Moisture) उत्तर भारत की ओर बढ़ रही है। इसके अलावा, मध्य क्षोभमंडल में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण बुंदेलखंड और पश्चिमी यूपी के जिलों में 27 अक्टूबर को बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है।
29 अक्टूबर से पूर्वी यूपी में बरसेगा पानी मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना गहन अवदाब 28 अक्टूबर को गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलकर आंध्र प्रदेश तट को पार करेगा। इसके कमजोर पड़ने के बाद इसका असर 29 से 31 अक्टूबर के बीच पूर्वांचल के जिलों में दिखेगा, जहां तड़ित झंझावात (Thunderstorm) और हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।
अगले 5 दिनों में बदलेगा मौसम का मिजाज मौसम विभाग ने बताया कि अगले 4 से 5 दिनों तक बादलों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी संभव है और इसमें बड़ा बदलाव नहीं होगा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह बारिश रबी फसलों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है, लेकिन साथ ही नमी बढ़ने से हवा की गुणवत्ता पर नकारात्मक असर भी पड़ सकता है।