पति और ससुर पर गंभीर आरोप,
लखनऊ की महिला ने बताई 5 साल की पीड़ा
1 months ago Written By: Aniket Prajapati
लखनऊ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां कैंट इलाके की एक विवाहित महिला ने अपने पति ही नहीं, बल्कि अपने ससुर पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि शादी के पाँच साल बाद उसका पति दूसरी महिलाओं के साथ संबंध रखता है और अक्सर उसे तलाक देने की धमकी देता है। इतना ही नहीं, महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसका ससुर घर में एक पराई महिला को रखे हुए है और कई बार शर्मनाक हरकतें करता है। महिला की शिकायत पर कैंट पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला लगातार सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है।
पति पर अवैध संबंध और मारपीट के आरोप पीड़ित महिला के अनुसार, उसकी शादी वर्ष 2019 में भरत सिंह से हुई थी, जो पशुपालन विभाग में कार्यरत है। महिला ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद ही पति का व्यवहार बदलने लगा। वह उससे गाली-गलौज करता, मारने की कोशिश करता और बार-बार तलाक देने की धमकी देता था। महिला का कहना है कि पति का कई अन्य महिलाओं से अवैध संबंध है। विरोध करने पर पति यह कहकर डराता है कि उसके पिता बड़े नेता हैं और वह किसी को भी नुकसान पहुंचा सकता है।
ससुर पर अनैतिक हरकतों और गैर महिला को घर में रखने का आरोप महिला ने ससुर पर भी गंभीर आरोप लगाए। उसके अनुसार, ससुर एक गैर विवाहित महिला को घर में रखे हुए है और कई बार बिना वजह सिर्फ तौलिया पहनकर उसके कमरे में आ जाता है। महिला ने जब यह बात पति को बताई तो पति ने उल्टा ससुर की प्रशंसा की और पत्नी को ही गलत ठहराया। महिला ने कहा कि ससुर की हरकतों के बावजूद उसका पति हमेशा पिता का पक्ष लेता है।
मिले अश्लील फोटो और वीडियो महिला ने बताया कि उसने अपने पति के मोबाइल फोन में कई महिलाओं के साथ अश्लील तस्वीरें और वीडियो देखे हैं। इसके बाद भी पति ने कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया और उसे ही दोषी ठहराता रहा।
दहेज उत्पीड़न और प्लॉट की मांग भी की महिला ने ससुरालवालों पर दहेज उत्पीड़न का भी आरोप लगाया है। उसके अनुसार, शादी में उसके पिता पहले ही 25 लाख रुपये और एक प्लॉट दे चुके हैं। इसके बावजूद ससुर ने कहा कि महिला अपने पिता से कहे कि वे उनके नाम एक और प्लॉट करा दें। महिला ने पति पर लाखों रुपये हड़पने का भी आरोप लगाया।
पुलिस ने दर्ज की शिकायत, जांच जारी कैंट पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत दर्ज कर ली गई है। अब पुलिस पति, ससुर और अन्य ससुरालवालों से पूछताछ करेगी। मामले की जांच की जा रही है और जल्द आगे कार्रवाई की जाएगी।