मैनपुरी इंजीनियरिंग कॉलेज का नाम बदलने को मंत्री ने लिखा पत्र,
जानिए क्या सुझाया नया नाम...
1 months ago
Written By: विनय के. सिंह
Uttar Pradesh News: लखनऊ से एक बड़ी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश सरकार मैनपुरी इंजीनियरिंग कॉलेज का नाम बदलने की तैयारी कर रही है। यह कॉलेज अब लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर के नाम से जाना जा सकता है। प्रदेश सरकार ने इस प्रक्रिया की शुरुआत कर दी है। यह फैसला लोकमाता की 300वीं जयंती के मौके पर लिया गया है। राज्य के प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल ने इस संबंध में एक पत्र लिखा है। उन्होंने यह पत्र अपर मुख्य सचिव, प्राविधिक शिक्षा विभाग को भेजा है। इसमें उन्होंने नाम बदलने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है।
समाज सुधार की प्रतीक थीं अहिल्याबाई होल्कर
आशीष पटेल ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का समाज सुधार में बड़ा योगदान रहा है। वह शिक्षा, सुशासन और जन कल्याण के लिए जानी जाती हैं। उनके कार्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने यह भी बताया कि जब वे प्रदेश के अलग-अलग जिलों में गए तब भी लोगों ने लोकमाता के योगदान की चर्चा की। इससे साफ होता है कि आम जनता भी लोकमाता के आदर्शों से जुड़ी हुई है।
महासभा की मांग को मिला समर्थन
इस पत्र के साथ अखिल विश्व पाल क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष हौसिला प्रसाद पाल का एक पत्र भी जोड़ा गया है। इस पत्र में भी कॉलेज का नाम बदलने की मांग की गई थी। मंत्री ने इस मांग को उचित बताया और तुरंत कार्रवाई की बात कही।
मैनपुरी इंजीनियरिंग कॉलेज का बदलेगा नाम
अब सरकार इस पर जरूरी प्रक्रिया शुरू करेगी। नाम बदलने के बाद कॉलेज का नया नाम राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर, मैनपुरी हो सकता है। यह कदम लोकमाता के योगदान को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। सरकार जल्द ही इस संबंध में आधिकारिक घोषणा कर सकती है।