मलाड में सहकर्मी की चाकू मारकर हत्या,
शादी टूटने की बात पर मजाक बना विवाद का कारण, कुछ ही घंटों में आरोपी पुलिस के शिकंजे में
1 months ago Written By: Aniket prajapati
मुंबई के मलाड इलाके में गुरुवार तड़के एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक कैटरिंग कंपनी में साथ काम करने वाले कर्मचारी ने अपने ही साथी की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान दिलखुश साह के रूप में हुई है, जबकि आरोपी गणेश मंडल को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। दोनों मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले के एक ही गांव के रहने वाले थे और करीब रहते हुए एक ही कंपनी में काम करते थे। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से मजाक और तानों को लेकर तनाव बना हुआ था, जो आखिरकार हत्या की वजह बन गया।
शादी टूटने को लेकर चिढ़ाता था मृतक जानकारी के मुताबिक मृतक दिलखुश साह अक्सर आरोपी गणेश मंडल को उसकी टूट चुकी शादी के बारे में चिढ़ाता था। वह मजाक उड़ाते हुए कहता था कि उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई है। ये ताने और कटाक्ष लंबे समय से दोनों के रिश्ते में तनाव पैदा कर रहे थे। गुरुवार रात करीब 12:25 बजे दोनों काम पर जाने के लिए निकले थे। जैसे ही वे मलाड पश्चिम स्थित लाइफलाइन अस्पताल के पास पहुंचे, पुरानी बातों को लेकर दोनों में कहासुनी शुरू हो गई।
गुस्से में चाकू से गले पर किया वार बहस बढ़ते-बढ़ते झगड़े में बदल गई और इसी दौरान गुस्से में आए गणेश मंडल ने अपने पास रखा सब्जी काटने वाला चाकू निकाल लिया। आरोपी ने दिलखुश के गले पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी। दिलखुश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी फरार हुआ, लेकिन पुलिस ने दबोचा वारदात के बाद गणेश मंडल मौके से भाग गया। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर जल्द ही आरोपी का पता लगा लिया। मलाड पुलिस ने कुछ ही घंटों की तलाश के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। गुरुवार को कोर्ट में पेशी के बाद उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।