भगवा वेश में ममता कुलकर्णी पहुंचीं संभल, कल्कि धाम में किया शिलापूजन, रुद्राक्ष माला में दिखीं महामंडलेश्वर,
आध्यात्मिक यात्रा बना चर्चा का विषय
8 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Mamta Kulkarni: बॉलीवुड की पूर्व अभिनेत्री और किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर ममता कुलकर्णी पहली बार संभल पहुंचीं, जहां उनका पुजारियों ने मंत्रोच्चारण के साथ भव्य स्वागत किया। कार से उतरते ही उन्हें पीले रंग का पटका पहनाया गया और फूलों की वर्षा की गई। ममता भगवा वेशभूषा में नजर आईं, उनके गले में रुद्राक्ष की कई माला थीं और कंधे पर लंबा बैग टंगा हुआ था। वे मुख्य यजमान के रूप में शिलापूजन कार्यक्रम की अगुवाई कर रही हैं। इस मौके पर उनके साथ कल्कि पीठाधीश्वर प्रमोद कृष्णम् भी मौजूद थे। शिलापूजन के बाद ममता सत्संग और भंडारे में भी भाग लेंगी। दोपहर 1 बजे वे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी और करीब ढाई घंटे तक कल्कि धाम में रुकेंगी।
महाकुंभ के दौरान सुर्खियां में आई ममता कुलकर्णी
ममता कुलकर्णी महाकुंभ के दौरान सुर्खियों में रहीं। 23 जनवरी को वे अचानक प्रयागराज महाकुंभ पहुंचीं और किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी से मुलाकात की। इसके बाद अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविंद्र पुरी से मिलीं और महामंडलेश्वर की उपाधि पाई। उनका नया नाम यामाई ममता नंद गिरि रखा गया। हालांकि इस नियुक्ति का कई संतों ने विरोध किया। योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा था कि कोई एक दिन में संतत्व प्राप्त नहीं कर सकता। इसके बाद 10 फरवरी को ममता ने किन्नर अखाड़े का महामंडलेश्वर पद छोड़ दिया, लेकिन दो दिन बाद 12 फरवरी को अपना इस्तीफा वापस ले लिया।
पीएम मोदी ने रखी कल्कि धाम की आधारशिला
कल्कि धाम का निर्माण कार्य पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम् के निर्देशन में चल रहा है। इस धाम की आधारशिला 19 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखी थी। कल्कि धाम में भगवान विष्णु के 10वें अवतार के गर्भगृह बनाए जाएंगे। इस निर्माण में लगभग चार साल का समय लगेगा और यह पत्थर की बड़ी शिलाओं के साथ 21 फीट नीचे से शुरू होगा।
ममता का शिलापूजन समारोह बना स्थानीय चर्चा का केंद्र
ममता कुलकर्णी की यह पहली संभल यात्रा उनके आध्यात्मिक और सामाजिक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। उनका स्वागत और शिलापूजन समारोह स्थानीय लोगों और आध्यात्मिक समुदाय के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।