5 लाख के लिए ससुरालवालों ने गर्भवती बहू को मौत के घाट उतारा,
शव खेत में जला कर मिटाया सबूत
20 days ago Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता रजनी कुमारी को शादी के छह महीने बाद ससुराल में प्रताड़ित कर हत्या कर दी गई। रजनी प्रेग्नेंट थी और आरोपियों ने मां के साथ ही बिना जन्म लिए संतान को भी जान से मार दिया। हत्या के बाद शव को पास के खेत में जला दिया गया। मृतका की मां का आरोप है कि ससुराल वाले टेंट हाउस खोलने के लिए बेटी से पांच लाख रुपए लाने का दबाव डाल रहे थे। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दहेज के लिए प्रताड़ित की गई विवाहिता मैनपुरी के औंछा इलाके में रहने वाली रजनी कुमारी की शादी इसी साल 21 अप्रैल को गोपालपुर गांव के सचिन से हुई थी। शादी के बाद ससुराल वाले रजनी पर लगातार दहेज के लिए दबाव डाल रहे थे। उसकी मां सुनीता देवी ने आरोप लगाया कि पति सचिन, उसका भाई प्रांशु और अन्य रिश्तेदार रामनाथ, दिव्या और टीना शादी के समय दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं थे।
हत्या और शव का अंतिम संस्कार अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राहुल मिठास के अनुसार, जब मांगी गई रकम नहीं दी गई, तो शुक्रवार को आरोपियों ने रजनी को प्रताड़ित किया और जानलेवा हमला किया। रजनी चार महीने की गर्भवती थी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को अपने खेत में खरपतवार से जला दिया, ताकि सबूत मिट सके।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, तलाश जारी रजनी की मां की शिकायत पर पुलिस ने दहेज हत्या और प्रताड़ना का केस दर्ज किया है। मृतका के पति सचिन समेत कुल छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और घटना की गहनता से जांच कर रही है।