स्नेक मिस्ट्री: सोते समय युवक को सांप ने दस बार डसा,
मरने का करता रहा इन्तजार, मरने के बाद सपेरे को बुला कर हटाना पड़ा
10 days ago
Written By: State Desk
मेरठ में एक युवक की सांप के डसने से मौत हो गई। युवक को सांप ने एक-दो नहीं, बल्कि 10 बार डसा था। उसके शरीर पर डसने के 10 निशान मिले हैं। युवक को डसने के बाद भी सांप उसके पास से नहीं हटा, बल्कि उसी के नीचे दबकर बैठा रहा। अमित उर्फ मिक्की गांव अकबरपुर सादात का रहने वाला था। वह मजदूरी करता था। रोजाना की तरह शनिवार को भी वह मजदूरी करके रात 10 बजे घर लौटा। इसके बाद खाना खाकर अपने कमरे में सोने चला गया। उसकी पत्नी और बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे।
काटने के बाद भी अपनी जगह से नहीं हिला सांप
अमित आमतौर पर तड़के सुबह ही जग जाता था। जब वह नहीं उठा, तो करीब साढ़े 5 बजे घरवाले उसे कमरे में जगाने पहुंचे। वहां उन्होने देखा कि उसके शरीर में कोई हलचल नहीं थी। बार-बार आवाज लगाने के बाद भी वह नहीं उठा। घर वालों ने उसे हिलाया, तो शरीर के नीचे सांप बैठा मिला।
इस पर घर वालों ने घबराकर शोर मचा दिया। साथ ही सांप को हटाने की कोशिश भी की, लेकिन सांप अपनी जगह से टस से मस नहीं हुआ। इसके बाद घरवालों ने महमूदपुर सिखेड़ा से सपेरे को बुलवाया। वह सांप को पकड़कर अपने साथ ले गया। इसके बाद घर वाले युवक को डॉक्टर के पास ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
अमित के शरीर पर सांप के काटने के 10 निशान
घर वाले अमित को डॉक्टर के पास लेकर गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उसके शरीर पर 10 जगह सांप के काटने के निशान मिले। अमित 4 भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। उसकी शादी हो चुकी थी और 3 बच्चे भी हैं। अमित की मौत के बाद घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।