मीरापुर मुठभेड़ में धरा गया 47 केस वाला गैंगस्टर,
बाइक से भाग रहे बदमाशों ने की फायरिंग...जवाबी कार्रवाई में हो गए लंगड़े
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: शनिवार देर रात मीरापुर थाना क्षेत्र में पुलिस और दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ सम्भलहेड़ा कुतुबपुर नहर पटरी के पास हुई। पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान एक संदिग्ध बाइक आती दिखी। पुलिस ने बाइक को रुकने का इशारा किया। लेकिन बाइक सवार रुकने की जगह भागने लगे। कुछ दूरी पर गिरते ही उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत अब स्थिर बताई गई है।
दोनों अपराधी लंबे समय से थे सक्रिय
घायलों की पहचान सुरेंद्र और इरफान उर्फ गोलू के रूप में हुई है। सुरेंद्र मेरठ के गणेशपुर गांव का रहने वाला है। इरफान हापुड़ के सद्दीकपुर का निवासी है, जो इस समय मेरठ में रह रहा था। सुरेंद्र पर पांच जिलों में 47 से ज्यादा केस दर्ज हैं। वहीं इरफान पर भी 14 से ज्यादा गंभीर मुकदमे हैं। इन मामलों में लूट, डकैती, हत्या की कोशिश और गैंगस्टर एक्ट शामिल हैं। पुलिस के अनुसार दोनों लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय हैं।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पूछताछ में दोनों बदमाशों ने अपने जुर्म स्वीकार किए हैं। उन्होंने बताया कि वे गिरोह बनाकर ट्रांसफार्मर और बिजली के सामान चुराते हैं। इसके अलावा लूट और डकैती भी करते हैं। उन्होंने माना कि वे मुजफ्फरनगर में किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे थे। लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के कारण पहले ही पकड़ लिए गए। बता दें कि पुलिस को मौके से दो देसी तमंचे, चार जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस मिले। साथ ही एक चोरी की बाइक भी बरामद हुई है।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई
यह कार्रवाई ADG मेरठ जोन और DIG सहारनपुर की निगरानी में हुई। SSP संजय कुमार के निर्देश पर टीम ने काम किया। SP ग्रामीण और CO जानसठ ने ऑपरेशन की निगरानी की। मुठभेड़ में मीरापुर थाना प्रभारी बबलू सिंह वर्मा समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। सीओ यतेंद्र नागर ने बताया कि पूछताछ अभी जारी है। बदमाशों के बाकी साथियों की तलाश की जा रही है। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।