SIR फॉर्म अपलोड करते-करते बिगड़ी तबीयत… मुरादाबाद की BLO को ब्रेन हेमरेज,
वेंटिलेटर पर भर्ती
9 days ago Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: मुरादाबाद से BLO ड्यूटी में लगे कर्मचारियों की सेहत और सुरक्षा को लेकर लगातार चिंताजनक मामले सामने आ रहे हैं। हाल ही में BLO सर्वेश सिंह की आत्महत्या ने पूरे प्रदेश को हिला दिया था, जहां परिजनों ने SIR के काम के दबाव को कारण बताया था। इसी बीच अब एक और घटना सामने आई है। SIR (चुनाव संबंधी पंजीकरण) कार्य में लगी 57 वर्षीया महिला BLO अचानक गंभीर रूप से बीमार हो गईं। उनका नाम आभा सोलोमन है, जो वर्तमान में गंभीर हालत में अस्पताल के वेंटिलेटर पर भर्ती हैं। घटना ने फिर से BLO कर्मचारियों की सुरक्षा और कार्य दबाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
SIR ड्यूटी के दौरान बिगड़ी तबीयत आभा सोलोमन पाकबड़ा के एक प्राइमरी स्कूल में सहायक अध्यापिका हैं और इन दिनों SIR कार्य में लगी थीं। रविवार को उनके परिवार के सदस्य चर्च गए हुए थे और वह घर पर अकेले थीं। इस दौरान वे SIR फॉर्म अपलोड करने का काम कर रही थीं। दोपहर करीब दो बजे, उनकी बहन चर्च से वापस लौटीं तो आभा सोलोम को बिस्तर पर बेहोशी की हालत में पाया। बहन ने उन्हें दवाई देने के लिए उठाने की कोशिश की, लेकिन वह किसी प्रतिक्रिया में नहीं थीं। तुरंत परिजनों को सूचना दी गई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों ने जताई ब्रेन हेमरेज की आशंका अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि आभा की हालत बेहद गंभीर है। उनका ब्लड प्रेशर काफी कम पाया गया और डॉक्टरों ने ब्रेन हेमरेज की आशंका भी जताई है। उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। परिजनों ने बताया कि आभा पहले से ही बीपी की मरीज हैं और उनका इलाज चल रहा था।
परिवार ने SIR के दबाव पर कोई आरोप नहीं लगाया हालांकि, आभा सोलोमन की तबीयत काम करते हुए ही बिगड़ी थी, परंतु परिवार ने अभी तक SIR के काम के दबाव को उनकी हालत का कारण नहीं बताया है। उनकी बीमारी के समय उनके पति और बेटा शहर से बाहर थे, इसलिए वह अपने भाई-बहनों के साथ रह रही थीं। परिवार फिलहाल उनके स्वास्थ्य को लेकर बेहद चिंतित है।