संभल में विकास की नई दिशा:
मंडलायुक्त ने पांच महत्वपूर्ण परियोजनाओं का किया शुभारंभ
1 months ago Written By: Aniket prajapati
संभल। मुरादाबाद मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने संभल में पांच अहम विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जो जिले की सुरक्षा, शिक्षा और सांस्कृतिक धरोहर को नई पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। यह पहल पिछले साल 24 नवंबर को संभल में हुई हिंसा के बाद शुरू की गई थी। अधिकारियों का कहना है कि इन परियोजनाओं से संभल को एक सुरक्षित, आधुनिक और जागरूक शहर बनाने में मदद मिलेगी।
दिव्यांग बच्चों के लिए दो सुगम ज्ञान केंद्र शुरू मंडलायुक्त ने बताया कि पहली बार असमोली और संभल क्षेत्र में दिव्यांग बच्चों के लिए दो सुगम ज्ञान केंद्र पुस्तकालय स्थापित किए गए हैं। यहां बच्चों को पढ़ाई, प्रशिक्षण और कौशल विकास की आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चे समाज की शक्ति हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना हम सभी का कर्तव्य है।
101 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का उद्घाटन चौधरी सराय पुलिस चौकी के सामने अशोक स्तंभ सहित 101 फीट ऊंचे तिरंगे का अनावरण किया गया। मंडलायुक्त ने कहा कि यह तिरंगा न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाता है, बल्कि संभल की नई सोच और पहचान का प्रतीक भी है। यह हर नागरिक में गर्व की भावना जगाएगा।
हाईटेक सुरक्षा नियंत्रण कक्ष और 1300 कैमरे पिछले साल की घटना के बाद सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सत्यवृत पुलिस चौकी में 250 हाईटेक कैमरों से लैस एक आधुनिक नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। इसके अलावा पूरे शहर में 1300 कैमरे लगाए गए हैं, जो 24 घंटे निगरानी करेंगे। अधिकारियों के अनुसार इससे अपराध पर नियंत्रण में बड़ी मदद मिलेगी।
ऐतिहासिक चक्की पाट का पुनरुद्धार |मंडलायुक्त ने ऐतिहासिक चक्की पाट के पुनरुद्धार का भी उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि यह वही चक्की पाट है जिसे आल्हा-ऊदल ने युद्धकाल में स्थापित किया था और जो दो साल पहले क्षतिग्रस्त हो गया था। नगर पालिका ने इसे सुंदर तरीके से फिर से जीवंत कर दिया है। उन्होंने इसे संभल की आत्मा और महाराजा पृथ्वीराज की उपस्थिति का प्रतीक बताया।
चतुर्मुख कूप व तीर्थों का निरीक्षण संभल के 68 तीर्थ और 19 कूपों में से एक चतुर्मुख कूप का भी उद्घाटन किया गया। साथ ही यम तीर्थ का निरीक्षण कर मंडलायुक्त ने कहा कि ये पांच परियोजनाएं आने वाले समय में संभल को नई दिशा देंगी और जिले को नई पहचान दिलाएंगी।