मुरादाबाद में अपहरण, मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, तीन यात्रियों के पेट से मिला सोना,
तस्करी का केस दर्ज
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh: मुरादाबाद से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सऊदी अरब से लौट रहे छह लोगों का अपहरण हो गया। बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर वारदात को अंजाम दिया। बाद में पुलिस ने घेराबंदी कर दो बदमाशों को मुठभेड़ में पकड़ लिया। बता दें कि पकड़े गए छह में से तीन आरोपियों के पेट से सोना बरामद हुआ। अब इन पर तस्करी का मामला चलेगा। पुलिस बाकी बदमाशों की तलाश कर रही है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर किया अपहरण
यह घटना शुक्रवार देर रात की है। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर बदमाशों ने एक कार को रोका। कार में रामपुर के टांडा निवासी 6 लोग सवार थे। बदमाशों में एक ने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी। उन्होंने खुद को पुलिस बताया और कार रुकवा ली। इसके बाद सबको बंधक बना लिया। बदमाशों ने सभी लोगों को असलहे के बल पर अगवा किया। वे उन्हें मूंढापांडे के जंगल में एक फार्महाउस पर ले गए। वहां बंधक बनाए गए लोगों की तलाशी ली गई, उनमें से तीन लोगों ने पेट में सोना छिपाया हुआ था। बदमाशों ने उनके पेट में छिपे सोने को निकालने की तैयारी करने लगे। बदमाशों को पहले से शक था कि इन लोगों के पास तस्करी का सोना है।
ग्रामीणों ने दी पुलिस को अपहरण की खबर
बंधक बनाए गए लोगों में से एक किसी तरह भाग निकला। उसने शोर मचाया। पास के ग्रामीण वहां पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद तुरंत एसओजी और स्थानीय थानों की टीम एक्टिव हुई और पुलिस ने घेराबंदी कर दी। वहीं मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी। उनके नाम रफीक और राजा हैं। राजा काशीपुर का है और रफीक मुरादाबाद का है। दोनों को अस्पताल भेजा गया।
तीन यात्रियों के पेट में मिला मेटल
पुलिस ने जब बंधक बनाए गए सभी 6 लोगों की जांच कराई तो 3 के पेट में मेटल निकला। दो लोगों के पेट से 8 सोने के कैप्सूल निकाले गए। बाकी से एनिमा के जरिए सोना निकालने की कोशिश चल रही है।
तस्करी के आरोप में यात्रियों पर भी होगा केस दर्ज
पुलिस अब इन यात्रियों पर भी तस्करी का केस दर्ज करेगी। मौके से फरार बदमाशों की तलाश जारी है। एसपी सिटी का कहना है कि सभी आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।