मुरादाबाद में युवती ने वीडियो बनाकर लगाई फांसी, प्रेम विवाह के बाद मिली प्रताड़ना,
ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradeah News: मुरादाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र के सुंदरनगर पीपलसाना गांव में एक दर्दनाक घटना हुई। 22 साल की आमरीन नाम की युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने एक वीडियो बनाया। उसमें उसने अपने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
महिला ने 4 महीने पहले किया था प्रेम विवाह
दरअसल, आमरीन ने चार महीने पहले जुनैद नाम के युवक से प्रेम विवाह किया था। जुनैद के परिवार को यह शादी मंजूर नहीं थी। फिर भी दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी कर ली थी। शादी के बाद से आमरीन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। आमरीन ने बताया कि शादी के बाद उसकी तबीयत खराब रहने लगी। उसका मिसकैरेज भी हो गया था। इसी दौरान उसे तानों और मारपीट का सामना करना पड़ा। उसे खाना नहीं दिया जाता था। लाइट काट दी जाती थी। बता दें कि उसका पति जुनैद बेंगलुरु में नौकरी करता है। घर पर केवल ससुर और ननद रहते थे। आमरीन ने कहा कि ये दोनों उसे जीने नहीं दे रहे थे। सब कहते थे कि तू मर क्यों नहीं जाती।
महिला मरने से पहले बनाया वीडियो
मरने से पहले आमरीन ने 2 मिनट 37 सेकेंड का वीडियो बनाया। उसमें उसने कहा कि इस जिंदगी से बुरा कुछ नहीं होगा। मुझे नहीं पता मेरी मौत के बाद क्या होगा। लेकिन अब मैं और नहीं सह सकती। इसके बाद आमरीन ने अपने सूट के दुपट्टे से फंदा बनाया और फांसी लगा ली।
महिला ने वीडियो कॉल कर पिता से मांगी मदद
मिली जानकारी के अनुसार, आमरीन ने मरने से पहले अपने पिता सलीम को वीडियो कॉल किया। वह रोती हुई बोली- अब्बा, मुझे ससुराल वाले मार रहे हैं। मुझे बचा लीजिए। पिता सलीम अपने परिवार के सदस्यों के साथ तुरंत बेटी के ससुराल पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि आमरीन का शव चारपाई पर पड़ा हुआ था।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
ग्रामीणों ने बताया कि युवती ने फांसी लगाई थी। लेकिन ससुराल वालों ने उसे नीचे उतारकर शव को चारपाई पर रख दिया। पिता ने आरोप लगाया कि बेटी की हत्या हुई है। उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी तक किसी ने लिखित शिकायत नहीं दी है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।