राम जन्मभूमि परिसर में मुह ढंककर पहुंची मुस्लिम महिला,
हिरासत में ले जांच में जुटी पुलिस
1 months ago
Written By: STATE DESK
Muslim Woman Detained Ayodhya: अयोध्या के राम जन्मभूमि परिसर में शुक्रवार को दर्शन करने आई एक मुस्लिम महिला को सुरक्षाकर्मियों ने हिरासत में ले लिया। महिला की पहचान महाराष्ट्र के वर्धा निवासी इरिम के रूप में हुई है। सुरक्षाबलों को महिला का व्यवहार संदिग्ध लगा, जिसके बाद उसे राम जन्मभूमि थाने भेजकर वेरिफिकेशन कराया गया।
शक हुआ तो सुरक्षाकर्मियों ने रोका
शुक्रवार दोपहर को इरिम अन्य श्रद्धालुओं के साथ राम जन्मभूमि परिसर में दर्शन करने आई थी। दर्शन के बाद जब वह मंदिर के एग्जिट गेट पर पहुंची तो उसके हावभाव सुरक्षाकर्मियों को असामान्य लगे। महिला ने सिर और चेहरा नीले कपड़े से ढक रखा था और पूछताछ के दौरान वह सुरक्षा कर्मियों को उलटे जवाब देने लगी।
हिरासत में ले जांच में जुटी पुलिस
मामला संदिग्ध लगते ही सुरक्षाकर्मियों ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी और महिला को तत्काल राम जन्मभूमि थाने भेजा गया। वहां थाना पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने महिला से कई दौर की पूछताछ की।
वेरिफिकेशन के बाद बोले घरवाले
सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि महिला का वेरिफिकेशन पूरा हो चुका है और वह वर्धा, महाराष्ट्र की निवासी है। महिला को महिला थाने में रखा गया है और उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है और अक्सर घर से बिना बताए घूमने निकल जाती है। राम जन्मभूमि जैसे संवेदनशील स्थल पर सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से स्थिति को समय रहते नियंत्रण में ले लिया गया। अधिकारियों का कहना है कि वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद महिला को परिजनों को सौंपा जाएगा।