पहली पत्नी को देता था ज्यादा तवज्जो, गुस्से में भड़की दूसरी बीवी...
23 साल बाद उठाया ऐसा कदम….
7 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: मुजफ्फरनगर जिले के नई मंडी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां ए टू जेड रोड पर रहने वाले संजय कुमार की हत्या उसकी पत्नी कविता ने ही कर दी। शुक्रवार रात जब संजय अपने घर पर गहरी नींद में सो रहा था, तभी उसकी पत्नी ने गला दबाकर उसकी जान ले ली। सुबह जब मोहल्ले में यह खबर फैली तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस की जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे वैवाहिक जीवन से जुड़ा तनाव और पति की उपेक्षा की भावना थी।
पहली पत्नी को लेकर मन में था आक्रोश
पुलिस जांच में पता चला कि कविता कई दिनों से अपने पति संजय से नाराज़ चल रही थी। उसे लगता था कि संजय अब भी अपनी पहली पत्नी को महत्व देता है, जो टांडा माजरा गांव में रहती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद होता रहता था। कविता को पति की बेरुखी और उपेक्षा से गहरा आघात हुआ, और इसी आक्रोश ने उसे हत्या जैसा कठोर कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।
पिता ने दी पुलिस को सूचना
इस घटना की जानकारी सबसे पहले मृतक संजय के पिता भोपाल सिंह को हुई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही वे सीधे थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने बहू कविता पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया। इसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने आरोपी पत्नी को किया गिरफ्तार
थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र बघेल ने बताया कि शनिवार को ही पुलिस टीम ने कविता को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान कविता ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने साफ कहा कि पति की उपेक्षा और पहली पत्नी को लेकर चल रहे झगड़े ही इस हत्या की असली वजह थे। फिलहाल पुलिस ने कविता को जेल भेज दिया है और मामले की आगे जांच जारी है।