वाराणसी से नक्सली का भतीजा गिरफ्तार, फर्जी नाम से करा रहा था इलाज,
मुठभेड़ में घायल कमांडर अखिलेश ICU में भर्ती, पुलिस निगरानी में चल रहा इलाज
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: झारखंड पुलिस ने वाराणसी में बड़ी कार्रवाई की है। पलामू के कुख्यात नक्सली अखिलेश का भतीजा आकाश गिरफ्तार कर लिया गया है। यह गिरफ्तारी साईं मेडिसिटी अस्पताल लंका से हुई है। आकाश अपने घायल चाचा अखिलेश का इलाज छिपकर करवा रहा था। पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया। अब आकाश को ट्रांजिट रिमांड पर झारखंड भेज दिया गया है।
मुठभेड़ में घायल हुआ था नक्सली कमांडर अखिलेश
नक्सली कमांडर अखिलेश को 17 मई को गोली लगी थी। यह मुठभेड़ पलामू के बंसकटिया जंगल में हुई थी। वहां नक्सली और पुलिस आमने-सामने थे। गोली उसके पेट में लगी और पीठ से बाहर निकल गई। इसके बाद उसका भतीजा आकाश उसे कार में वाराणसी लेकर आ गया।
फर्जी नाम से अस्पताल में भर्ती हुआ नक्सली
वाराणसी पहुंचने के बाद अखिलेश को साईं मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसका नाम मिथलेश कुमार यादव बताया गया। इलाज छिपाकर कराया जा रहा था। पुलिस चेकिंग के दौरान दोनों ने फर्जी नाम-पता भी बताया। आकाश का मोबाइल नंबर पुलिस ने सर्विलांस पर डाला। उसकी लोकेशन तीन दिन से लंका में मिल रही थी। सटीक जानकारी मिलने के बाद झारखंड और लंका पुलिस ने अस्पताल में दबिश दी। पूछताछ में आकाश और अखिलेश की पहचान सामने आ गई।
अस्पताल में निगरानी में है अखिलेश
अखिलेश ICU में भर्ती है। पुलिस की कड़ी निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। ACP भेलूपुर इशांत सोनी ने बताया कि ठीक होते ही उसे भी ट्रांजिट रिमांड पर झारखंड ले जाया जाएगा। पुलिस ने बताया कि अस्पताल को भी नोटिस भेजा जाएगा। मरीज का नाम और पहचान छिपाना यह एक गंभीर मामला है।
नक्सली ऑपरेशन की थी बड़ी साजिश
पलामू के जंगलों में नक्सली बड़ी साजिश रच रहे थे। पुलिस ने समय पर सर्च ऑपरेशन चलाया। वहीं मुठभेड़ में कई नक्सली घायल हुए। लेकिन कुछ फरार भी हो गए। यह मामला देश की सुरक्षा से जुड़ा है। पुलिस अब और जानकारी जुटा रही है।