नेहा सिंह राठौर को हाईकोर्ट से झटका,
अग्रिम जमानत अर्जी खारिज — जानिए कौन हैं नेहा और क्यों बढ़ते जा रहे विवाद
4 days ago Written By: Aniket Prajapati
भोजपुरी गायिका और सोशल मीडिया पर राजनीतिक व्यंग्यों के लिए मशहूर नेहा सिंह राठौर एक बार फिर विवादों में हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित अपमानजनक टिप्पणी के मामले में दाखिल उनकी अग्रिम जमानत याचिका इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने शुक्रवार को खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि नेहा ने जांच में सहयोग नहीं किया और पुलिस को केस की जांच का पूरा अधिकार है। इस फैसले के बाद नेहा के खिलाफ कार्रवाई और तेज हो सकती है। इसी बीच यह सवाल भी उठा कि नेहा सिंह राठौर कौन हैं, कैसे प्रसिद्ध हुईं और किन-किन विवादों में फंस चुकी हैं।
अग्रिम जमानत अर्जी क्यों खारिज हुई न्यायमूर्ति बृज राज सिंह की एकल पीठ ने स्पष्ट कहा कि नेहा जांच में शामिल नहीं हुईं, जबकि पुलिस उन्हें कई नोटिस भेज चुकी है। इसलिए उनकी अग्रिम जमानत याचिका स्वीकार नहीं की जा सकती। अदालत ने यह भी कहा कि पुलिस को मामले की निष्पक्ष जांच करने का पूरा अधिकार है।
यूपी पुलिस की रडार पर नेहा पहलगाम आतंकी हमले पर विवादित पोस्ट के बाद वाराणसी के लंका थाने और लखनऊ के हजरतगंज थाने में नेहा पर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस कई बार नोटिस भेज चुकी है, लेकिन नेहा अब तक उपस्थित नहीं हुईं। इसी वजह से पुलिस उनकी तलाश में लगी है।
बिहार की बेटी, राजनीतिक गानों से मिली पहचान नेहा सिंह राठौर का जन्म बिहार के कैमूर जिले में हुआ। परिवार खेती-किसानी से जुड़ा रहा और नेहा की शुरुआती पढ़ाई भी वहीं हुई। 2022 में उन्होंने यूपी के अंबेडकरनगर निवासी हिमांशु सिंह से शादी की। उनकी लोकप्रियता तब बढ़ी जब उन्होंने ‘यूपी में का बा’ और ‘बिहार में का बा’ जैसे राजनीतिक व्यंग्य गाने जारीकिए। सोशल मीडिया पर उनके 1.45 मिलियन से ज्यादा यूट्यूब सब्सक्राइबर हैं। 2018 में बीएससी पूरी करने के बाद उन्होंने मोबाइल से भोजपुरी लोकगीत रिकॉर्ड कर फेसबुक पर डालना शुरू किया, जो धीरे-धीरे वायरल हुए।
सोशल मीडिया से यूट्यूब तक का सफर 2020 में नेहा यूट्यूब पर सक्रिय हुईं और सामाजिक मुद्दों पर गाने बनाए। कोविड लॉकडाउन, प्रवासी मजदूरों की समस्या और राजनीतिक व्यंग्यों ने उन्हें पहचान दिलाई। 2021 तक उनके चैनल ने एक लाख से अधिक सब्सक्राइबर पार कर लिए। उनके गाने ‘यूपी में का बा’, ‘एमपी में का बा’ और ‘यूपी में का बा—सीजन 2’ खूब चर्चित रहे।
विवादों का सिलसिला
नेहा कई बार विवादों में आईं।
‘यूपी में का बा’ में उन्होंने यूपी सरकार पर सवाल उठाए।
कानपुर देहात बेदखली घटना पर बनाए गाने के लिए नोटिस मिला।
मध्य प्रदेश पेशाब कांड पर पोस्ट करने पर मामला दर्ज हुआ।
पहलगाम आतंकी हमले पर पोस्ट में सरकार पर जाति-धर्म आधारित राजनीति के आरोप लगाए, जिससे बड़ा विवाद हुआ।रामदेव की कंपनी के घी विवाद पर भी तंज कसा।