यूपी को मिलेगा नया मुख्य सचिव ?
मनोज कुमार सिंह के बाद इन तीन अफसरों के नाम चर्चा में
7 days ago
Written By: STATE DESK
Next Chief Secretary of UP: उत्तर प्रदेश में जहां हाल ही में डीजीपी की नियुक्ति हुई है, वहीं अब राज्य के मुख्य सचिव को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। मौजूदा मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह का कार्यकाल जुलाई 2025 में समाप्त होने वाला है। ऐसे में यह सवाल उठने लगा है कि क्या उन्हें सेवा विस्तार मिलेगा या किसी नए अधिकारी को यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
कौन हैं मौजूदा मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह?
मनोज कुमार सिंह 1988 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। उन्होंने 30 जून 2024 को उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव का पद संभाला था। वर्तमान में वे मुख्य सचिव के साथ-साथ IIDC के अध्यक्ष, पीआईसीयूपी और यूपीईआईडीए, यूपीएसएचए के सीईओ और समन्वय एवं यूपीडीएएसपी के परियोजना निदेशक के रूप में भी कार्यरत हैं।
क्या मिलेगा सेवा विस्तार ?
दरअसल, सिंह के कार्यकाल की समाप्ति जुलाई 2025 में है। इस बीच यह चर्चा भी चल रही है कि उन्हें सेवा विस्तार दिया जा सकता है। ऐसा पहले भी हो चुका है कि, पूर्व मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र को तीन बार सेवा विस्तार मिल चुका है। ऐसे में सिंह के मामले में भी यही संभावना जताई जा रही है।
कौन-कौन रेस में?
1. शशि प्रकाश गोयल (IAS, 1989 बैच)
वर्तमान में अपर मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री, नागरिक उड्डयन, संपदा और प्रोटोकॉल विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्हें सीएम योगी आदित्यनाथ का करीबी और विश्वस्त अधिकारी माना जाता है। लखनऊ निवासी गोयल को प्रशासनिक अनुभव के लिहाज से मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
2. देवेश चतुर्वेदी (IAS, 1989 बैच)
देवेश चतुर्वेदी फिलहाल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय में सचिव के पद पर कार्यरत हैं। चूंकि वे अभी यूपी में नहीं हैं, इसलिए उनका तुरंत लौटकर मुख्य सचिव बनना संभव नहीं लग रहा, लेकिन चर्चा में उनका नाम जरूर है।
3. दीपक कुमार (IAS, 1990 बैच)
पटना निवासी दीपक कुमार वर्तमान में एसीएस, वित्त, माध्यमिक व बेसिक शिक्षा, अध्यक्ष राज्य सतर्कता आयोग, और प्रशासनिक न्यायाधिकरण-I की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। ईमानदार और सुलझे अफसरों में गिने जाने वाले दीपक कुमार भी एक मजबूत विकल्प हैं।