अलीगढ़ की कथावाचक निधि सारस्वत 9 दिसंबर को लेंगी सात फेरे,
पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय के बेटे चिरागवीर से होगी शादी
2 days ago
Written By: Aniket Prajapati
उत्तर प्रदेश की प्रसिद्ध कथावाचक और भजन गायिका निधि सारस्वत जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। उनकी शादी पूर्व ऊर्जा मंत्री स्वर्गीय रामवीर उपाध्याय के पुत्र चिरागवीर उपाध्याय से तय हो गई है। यह शादी 9 दिसंबर को गाजियाबाद के नायाब वेदांता फार्म्स में संपन्न होगी। निधि सारस्वत भक्ति से जुड़ी अपनी सुरीली प्रस्तुतियों के कारण देश-विदेश में पहचान बना चुकी हैं, जबकि चिरागवीर राजनीतिक परिवार से संबंध रखते हैं। दोनों का विवाह स्थानीय और राजनीतिक जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है।
2020 से जानते हैं एक-दूसरे को
निधि सारस्वत अलीगढ़ जिले के सासनी गेट क्षेत्र की रहने वाली हैं। उन्होंने “मैं राधावल्लभ की”, “राधा रानी मेरी है”, “भजो रे मन गोविंदा” जैसे कई लोकप्रिय भजन गाए हैं जिन्होंने उन्हें काफी प्रसिद्धि दिलाई। जानकारी के अनुसार निधि और चिरागवीर उपाध्याय वर्ष 2020 से एक-दूसरे को जानते हैं। दोनों की मुलाकात अलीगढ़ में आयोजित ब्राह्मण समाज के कार्यक्रमों के दौरान हुई थी। दोनों का झुकाव आध्यात्म की ओर होने के कारण उनकी आपसी समझ और निकटता और बढ़ी।
गाजियाबाद में होंगी रस्में और शादी
चिराग उपाध्याय की मां व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय के निजी सचिव रानू पंडित ने बताया कि शादी से पहले हल्दी की रस्म गाजियाबाद स्थित आवास पर आयोजित होगी। इसके बाद 9 दिसंबर को गाजियाबाद के नायाब वेदांता फार्म्स में विवाह समारोह होगा। शादी के बाद 11 दिसंबर को चिराग अपनी पत्नी के साथ पैतृक गांव बामौली पहुंचेंगे, जहां उनका स्वागत किया जाएगा।
विदेशों में भी मिला सम्मान
कथावाचक निधि सारस्वत को देश के साथ-साथ विदेशों में भी कई सम्मान मिल चुके हैं। उन्हें यूके संसद की ओर से ‘अंतर्राष्ट्रीय भगवद्गीता विद्वान पुरस्कार’ दिया गया है। इसके अलावा लंदन के मेयर ने उन्हें ‘सद्भाव पुरस्कार’ से सम्मानित किया है। भारत में उन्हें ‘राइजिंग डॉटर्स ऑफ इंडिया अवार्ड’ भी मिल चुका है। उनकी आध्यात्मिक कथाएं देश-विदेश में सुनी और सराही जाती हैं।