दुर्गा पूजा में महिलाओं की सुरक्षा पुख्ता,
ऑपरेशन चंडी और एंटी रोमियो स्क्वायड पर बड़ी जिम्मेदारी
1 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: प्रयागराज में दुर्गा पूजा और दशहरे जैसे बड़े त्योहारों से पहले महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यहां ऑपरेशन चंडी शुरू किया गया है। इस अभियान का मकसद उन मनचलों पर लगाम लगाना है, जो महिलाओं से छेड़छाड़, फब्तियां कसने या अभद्र व्यवहार जैसी हरकतें करते हैं। इसके लिए महिला पुलिसकर्मी भीड़भाड़ वाले इलाकों, स्कूलों, कॉलेजों और मॉल्स के बाहर तैनात रहेंगी ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
एंटी रोमियो स्क्वायड फिर से सक्रिय
ऑपरेशन चंडी के साथ ही योगी सरकार ने एंटी रोमियो स्क्वायड को भी फिर से सक्रिय कर दिया है। स्क्वायड की टीमें त्योहारों के दौरान बाजार, मंदिर और सार्वजनिक स्थानों पर गश्त कर रही हैं। इनका मकसद है कि महिलाएं और लड़कियां बेझिझक त्योहारों में शामिल हो सकें और उन्हें किसी तरह की असुरक्षा महसूस न हो।
कार्रवाई और जागरूकता दोनों पर जोर
अभियान के तहत महिला पुलिसकर्मी न केवल छेड़खानी करने वालों पर कार्रवाई कर रही हैं, बल्कि जागरूकता भी फैला रही हैं। वे स्कूलों, कॉलेजों और मॉल्स में जाकर महिलाओं को उनके अधिकार, सुरक्षा उपाय और हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दे रही हैं। प्रयागराज के एसीपी सिविल लाइंस कृतिका शुक्ला ने बताया कि इस दौरान खासकर उन शरारती और असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा रही है, जो महिलाओं को परेशान करने जैसी गतिविधियों में शामिल पाए जाते हैं।
महिलाओं की सुरक्षा पर सरकार का फोकस
सीएम योगी आदित्यनाथ पहले ही साफ कर चुके हैं कि महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण उनकी प्राथमिकता है। मिशन शक्ति अभियान के तहत लगातार ऐसे कदम उठाए जा रहे हैं, जिनसे महिलाएं सुरक्षित माहौल में पढ़ाई और काम कर सकें। ऑपरेशन चंडी इसी दिशा में एक और मजबूत कदम है।