खुफिया अधिकारी बना पाकिस्तान से आए इस परिवार का बेटा–
मुरादाबाद की ये कहानी चौंका देगी
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
From Pakistan to India: मुरादाबाद में पाकिस्तान से आए 22 लोग अब यहां की ज़िंदगी में पूरी तरह बस चुके हैं। इन लोगों ने भारत में शादियां कीं और अब इनके परिवारों में 580 से ज्यादा सदस्य हो चुके हैं। इनमें तीन लोग ऐसे भी हैं, जो बचपन में अपनी पाकिस्तानी मां के साथ भारत आए थे और यहीं बस गए। इनमें से ही एक महिला का बेटा तो अब भारत के खुफिया विभाग में अधिकारी है। वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के एक जिले में तैनात है। यह सब भारत और पाकिस्तान के बीच जटिल रिश्तों के बावजूद संभव हो सका है।
कैसे खुफिया विभाग में आया पाकिस्तानी नागरिक?
एक पाकिस्तानी महिला मुरादाबाद में लॉन्ग टर्म वीजा पर रह रही हैं। उनके बेटे का जन्म भारत में हुआ। इसी वजह से उसे भारतीय नागरिकता मिल गई। वह अब खुफिया विभाग में अधिकारी है। उसकी पोस्टिंग मेरठ रेंज के एक जिले में है। उसकी पत्नी और एक बेटा भी है। इस अधिकारी की मां की कहानी भी अलग है। पाकिस्तान में शादी हुई, लेकिन जल्द ही तलाक हो गया। तलाक के बाद वह भारत लौटीं और दूसरी शादी की। अब वह भारत में ही रह रही हैं।
मुसर्रत जहां की कहानी
मुसर्रत जहां उर्फ मुमताज मुरादाबाद के जिगर कॉलोनी में पिछले 45 साल से रह रही हैं। उनका जन्म रामपुर में हुआ था। 1981 में उनकी शादी कराची में हुई। शादी के बाद उन्हें पाकिस्तान की नागरिकता मिल गई। लेकिन एक साल में ही तलाक हो गया और वह भारत लौट आईं। तब से वह लॉन्ग टर्म वीजा पर भारत में रह रही हैं। बाद में उनके पिता ने उनकी दूसरी शादी रामपुर के मोहम्मद तमसील से कराई। उनसे एक बेटा और दो बेटियां हैं।
सायरा की आपबीती
सायरा उर्फ ताहिरा सिद्दीकी पाकिस्तान के हैदराबाद (सिंध) से हैं। 1980 में मुरादाबाद आईं और यहीं शादी कर ली। 45 साल से भारत में हैं। तीन बेटियां और एक बेटा है। अब वे दादी-नानी बन चुकी हैं। सायरा कहती हैं, अब तो हिंदुस्तान ही मेरा वतन है। मायके में कोई नहीं बचा। अब बस यहीं की होकर रह गई हूं।
देशभक्ति की भावना
सायरा कहती हैं पहलगाम में जो घटना हुई वो शर्मनाक थी। अपराधियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए। मेरे लिए भारत ही मेरा देश है। मैं इसे ही प्यार करती हूं और यहीं अंतिम सांस लूंगी। ये कहानियां बताती हैं कि वतन का मतलब सिर्फ कागज़ नहीं होता बल्कि जज़्बात भी होते हैं।