पवन सिंह ने विधानसभा चुनाव को लेकर दिया बड़ा अपडेट,
अमित शाह के साथ फोटो भी किया शेयर
2 months ago Written By: अनिकेत प्रजापति
भोजपुरी सुपरस्टार और हाल में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए पवन सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने अपने चुनाव लड़ने की सारी अटकलों पर विराम लगा दिया है। पवन सिंह ने स्पष्ट कहा है कि मैं इस बार का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ रहा हूं। मैं कभी चुनाव लड़ने के इरादे से पार्टी में शामिल नहीं हुआ था। शनिवार सुबह सोशल मीडिया पर भोजपुर सुपरस्टार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा है कि मैं पवन सिंह, अपने भोजपुरिया समाज से कहना चाहता हूँ कि मैंने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी ज्वाइन नहीं किया था और न ही मेरा कोई ऐसा इरादा है। मैं पार्टी का एक सच्चा सिपाही हूं और हमेशा रहूंगा।
भाजपा के लिए करेंगे काम, प्रचार में जुटेंगे पवन सिंह के इस बयान से उन कयासों पर विराम लग गया जिनमें कहा जा रहा था कि वे इस बार किसी सीट से उम्मीदवार हो सकते हैं। सुपरस्टार ने कहा कि वे चुनावी मैदान में नहीं उतरेंगे, लेकिन भाजपा के लिए प्रचार प्रसार और पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में पूरी मेहनत करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के लिए काम करना उनका सच्चा फर्ज है और इसे निभाना उनका उद्देश्य रहेगा।
पत्नी ज्योति सिंह से विवाद पर भी दिया बयान इसके पहले गुरुवार को पवन सिंह ने प्रेस वार्ता में अपनी पत्नी ज्योति सिंह से चल रहे विवादों पर भी खुलासा किया था। उन्होंने कहा कि उनका विवाद कोर्ट में चल रहा है और कोर्ट का निर्णय उनके लिए मान्य होगा। उन्होंने बताया कि पत्नी की बिहार चुनाव के समय अचानक उपस्थिति ने माहौल को संवेदनशील बना दिया, क्योंकि चुनाव आयोग ने उसी समय चुनाव की घोषणा की थी। पवन सिंह ने इस मामले में संयम और कानूनी प्रक्रिया का पालन करने की बात कही।
भोजपुरी स्टार का संदेश अपने फैंस के लिए पवन सिंह ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फैंस और भोजपुरी समाज को भी संदेश दिया कि उनका पार्टी में शामिल होना केवल राजनीति के लिए नहीं, बल्कि समाज सेवा और पार्टी के लिए काम करने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वे अपने समर्थकों के लिए हमेशा मौजूद रहेंगे और भाजपा की नीतियों और उम्मीदवारों के प्रचार में योगदान देंगे।