पवन सिंह की अमित शाह-नड्डा संग मुलाकात पर दयाशंकर सिंह का बयान,
युवाओं पर असर की जताई उम्मीद
23 days ago Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में भोजपुरी सिनेमा का रंग अब और गहरा होता दिख रहा है। हाल ही में भोजपुरी गायक और अभिनेता पवन सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। इस मुलाकात को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने इस पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पवन सिंह भोजपुरी समाज में बेहद लोकप्रिय हैं और उनके जुड़ने से एनडीए गठबंधन और मजबूत होगा।
पवन सिंह की लोकप्रियता पर मंत्री का बयान दयाशंकर सिंह ने कहा कि पवन सिंह सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी भोजपुरी भाषी लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। उनकी छवि एक बड़े गायक और अभिनेता की है। उन्होंने कहा कि अगर पवन सिंह भाजपा या उसके सहयोगी दलों के साथ चुनाव प्रचार में आते हैं, तो पार्टी को इसका सीधा फायदा मिलेगा। खासकर युवाओं में उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है, जिससे पार्टी को मजबूती मिल सकती है।
टिकट की दावेदारी पर क्या बोले मंत्री पवन सिंह के चुनाव लड़ने और टिकट की दावेदारी के सवाल पर दयाशंकर सिंह ने हल्के अंदाज में कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि मीडिया जितना जानता है, उतना ही वे भी जानते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि जब कोई कलाकार इतने बड़े नेताओं से मिलता है, तो निश्चित रूप से उनके मन में कुछ योजनाएं होती हैं।
भाजपा को मिलेगा फायदा मंत्री ने कहा कि पवन सिंह किसी न किसी रूप में भाजपा के साथ चुनाव प्रचार में नजर आ सकते हैं। उनकी लोकप्रियता पार्टी के लिए एक बड़ा सहारा साबित होगी। उन्होंने साफ कहा कि पवन सिंह का साथ भाजपा को और मजबूत करेगा और चुनावी माहौल में पार्टी को बढ़त दिला सकता है।