प्रेमी संग मिलकर रची नकली लूट,
पुलिस को दी शिकायत और खुद निकली मास्टरमाइंड
1 months ago Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के फूलपुर में हुई चर्चित ज्वैलरी लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में जो सच सामने आया, उसने सभी को चौंका दिया। दरअसल, जिस महिला ने खुद को पीड़ित बताकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, वही इस लूट की मास्टरमाइंड निकली। आरोपी महिला आफरीन फातिमा ने अपने प्रेमी शाहनवाज के साथ मिलकर इस पूरे मामले की साजिश रची थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर चोरी की गई ज्वैलरी भी बरामद कर ली है।
22 सितंबर की रात हुई थी वारदात बता दें कि यह घटना फूलपुर थाना क्षेत्र के वीरकाजी गांव की है, जहां 22 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे दो नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर चाकू की नोक पर परिजनों को बंधक बनाकर लाखों की ज्वैलरी लूट ली थी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी और लोग दहशत में आ गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
आफरीन फातिमा निकली मास्टरमाइंड जांच में जब पुलिस ने सर्विलांस और अन्य सबूतों की पड़ताल शुरू की तो कई रहस्य सामने आने लगे। आखिरकार सच्चाई यह निकली कि शिकायत दर्ज कराने वाली महिला आफरीन फातिमा ही इस पूरी योजना की मास्टरमाइंड थी। उसने अपने प्रेमी शाहनवाज के साथ मिलकर इस नकली लूटकांड को रचा था।
प्रेम प्रसंग बना अपराध की वजह डीसीपी गंगानगर जोन कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि आफरीन और शाहनवाज के बीच डेढ़ साल से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों ने मिलकर योजना बनाई कि ज्वैलरी को छुपा लिया जाए और बाद में जब माहौल शांत हो जाए, तब उसका इस्तेमाल किया जाए। इस नकली लूट ने न सिर्फ पुलिस को गुमराह किया, बल्कि पूरे गांव को भी दहशत में डाल दिया।
पुलिस ने भेजा जेल फूलपुर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। ज्वैलरी बरामद कर ली गई है और पूरे मामले का खुलासा कर दिया गया है।