प्रतापगढ़ में ट्रक ने 4 युवकों को कुचला, 2 की मौत, 2 गंभीर रूप से घायल,
बाइक में पेट्रोल खत्म होने पर सड़क किनारे खड़े थे युवक, ट्रक ड्राइवर फरार
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh Accident News: प्रतापगढ़ जिले में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यह हादसा रानीगंज कोतवाली क्षेत्र में सुवंसा गांव के पास हुआ। रात करीब 2 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने चार युवकों को कुचल दिया। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
शादी से लौट रहें थें चारों युवक
दरअसल, चारों युवक एक शादी में शामिल होकर लौट रहे थे। वे दो बाइकों पर सवार थे। रास्ते में एक बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। सभी दोस्त मदद के लिए सड़क किनारे रुके थे। तभी अचानक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। चारों को जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने नीरज पटेल (19) और विनय पटेल (30) को मृत घोषित कर दिया। वहीं गोविंद और आशीष का इलाज अभी जारी है। बता दें कि नीरज इंटर का छात्र था और विनय हैदराबाद में ट्रेनिंग सेंटर चलाता था। गोविंद और आशीष भी उसी गांव के रहने वाले हैं। घायल गोविंद ने बताया कि वह हादसे के वक्त 20 मीटर दूर था। ट्रक अचानक आया और तीनों को रौंदता चला गया। गोविंद के पैर में भी गंभीर चोट आई है।
हादसे से परिजनों में छाया मातम, चालक फरार
वहीं इस घटना की जानकारी पुलिस को दि गई। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुख्यमंत्री योगी ने हादसे पर जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों को सांत्वना दी है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों का सही इलाज हो और परिवारों को हर संभव मदद दी जाए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।