नैनी जेल में कैदी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पेड़ पर गमछे से लटका मिला शव,
आजीवन काट रहा था कारावास
1 months ago Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की नैनी सेंट्रल जेल में शनिवार शाम हत्या के मामले में आजीवन कारावास काट रहे कैदी उदय राज लोध (60) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फंदे पर लटके कैदी को देख जेल में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने तुरंत शव को फंदे से नीचे उतारकर जेल अस्पताल में डॉक्टरों को सौंपा, लेकिन उन्हें 6:05 मिनट पर मृत घोषित किया गया। उदय राज इसी साल जुलाई में कौशांबी जेल से नैनी जेल शिफ्ट हुआ था। इस घटना ने जेल प्रशासन और कैदियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कैसे हुई घटना शव कारागार परिसर के चक्र संख्या दो में दरी गोदाम के सामने लगे आम के पेड़ की टहनी में गमछे से लटका मिला। कैदी उदय राज लोध कौशांबी जिले के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के बरुआ गांव के रहने वाले थे। उन्हें 23 दिसंबर 2023 को हत्या के मामले में एडीजे कौशांबी ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। 20 जुलाई 2025 को उन्हें कौशांबी जिला जेल से नैनी सेंट्रल जेल शिफ्ट किया गया था।
जेल प्रशासन की कार्रवाई जेल प्रशासन ने तुरंत फंदे से शव को नीचे उतारा और जेल अस्पताल में डॉक्टर धीरज पांडेय व डॉक्टर संजय कुमार गौतम को सौंपा। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित किया। साथ ही प्रशासन ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। जेल में कैदियों और अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया।
न्यायिक जांच शुरू उदय राज के वकील ने सजा के खिलाफ इलाहाबाद हाईकोर्ट में क्रिमिनल अपील दाखिल की थी, जो विचाराधीन है। घटना के बाद जेल प्रशासन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की न्यायिक जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने जेल में कैदियों की मानसिक स्थिति और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।