राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज लखनऊ दौरे पर, दो बड़े कार्यक्रमों में लेंगी हिस्सा;
शहर में कड़ा सुरक्षा इंतजाम और बड़े पैमाने पर ट्रैफिक डायवर्जन
1 months ago Written By: Aniket prajapati
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 28 नवंबर को लखनऊ के एक दिवसीय दौरे पर आ रही हैं। उनके आगमन को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है और कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिए गए हैं। राष्ट्रपति यहां ब्रह्माकुमारीज़ के राज्य स्तरीय अभियान का शुभारंभ करेंगी और भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की 19वीं नेशनल जंबूरी के समापन समारोह में शामिल होंगी। शहर में यातायात पुलिस ने 27 नवंबर रात 8 बजे से उनके प्रस्थान तक कई रास्तों पर प्रतिबंध लगाए हैं। हवाई अड्डे से लेकर राजभवन और डिफेंस एक्सपो स्थल तक सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।
ब्रह्माकुमारीज़ कार्यक्रम से राष्ट्रपति का लखनऊ दौरा शुरू राष्ट्रपति सुबह 11:30 बजे चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर पहुंचेंगी। वहां से वे सीधे सुल्तानपुर रोड स्थित गुलजार उपवन राजयोग प्रशिक्षण केंद्र जाएंगी। दोपहर 12 बजे वे “विश्व एकता एवं विश्वास हेतु ध्यान” थीम पर आधारित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगी। इस कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कई अन्य प्रमुख हस्तियां मौजूद रहेंगी। यह कार्यक्रम 2025-26 की थीम पर आधारित है, जिसमें राजयोग के माध्यम से वैश्विक एकता पर जोर दिया गया है।
राजभवन में विश्राम के बाद जंबूरी के समापन में होंगी शामिल ब्रह्माकुमारी कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति राजभवन जाकर विश्राम करेंगी। दोपहर 2 बजे वे वृंदावन कॉलोनी स्थित डिफेंस एक्सपो मैदान में आयोजित 19वीं नेशनल जंबूरी के समापन समारोह में शामिल होंगी। इस आयोजन में 30,000 से अधिक प्रतिभागी मौजूद हैं। शाम को राष्ट्रपति दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
सुरक्षा व्यवस्था सख्त, कार्यक्रम स्थलों पर नो-फ्लाइंग ज़ोन राष्ट्रपति की सुरक्षा को देखते हुए लखनऊ में सभी कार्यक्रम स्थलों के आसपास भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। हवाई अड्डा, राजभवन, ब्रह्माकुमारी केंद्र और डिफेंस एक्सपो ग्राउंड को नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया है। प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।
लखनऊ में बड़े पैमाने पर ट्रैफिक डायवर्जन, ये मार्ग रहेंगे बंद ट्रैफिक पुलिस ने 27 नवंबर रात 8 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक कई रास्तों पर सामान्य यातायात पूरी तरह बंद कर दिया है। प्रमुख डायवर्जन इस प्रकार हैं—
अमौसी एयरपोर्ट क्षेत्र
एयरपोर्ट वीआईपी मोड़ से अंदर सामान्य यातायात बंद। शहीद पथ की ओर यातायात ट्रांसपोर्ट नगर, पिकेडली, बाराबिरवा आदि मार्गों से डायवर्ट।
ब्रह्माकुमारी राजयोग प्रशिक्षण केंद्र, गुलजार उपवन
गोसाईगंज कस्बा तिराहा, कबीरपुर अंडरपास, साहू रेजिडेंसी कैंप गेट—इन सभी से केंद्र की ओर यातायात बंद। वाहन मोहनलालगंज, किसान पथ और कमता तिराहा मार्ग से भेजे जाएंगे।
राजभवन और हजरतगंज क्षेत्र
बंदरियाबाग, डीएसओ चौराहा, रॉयल होटल चौराहा सहित कई प्रमुख रास्ते बंद। बसों को गोल्फ क्लब और चिरैयाझील मार्ग से डायवर्ट किया गया। डीएसओ से पार्क रोड तक एकल मार्ग पूरी तरह बंद।
वृंदावन योजना (डिफेंस एक्सपो स्थल)
सेक्टर-14, 15, 16, 19 और आसपास के कई चौराहों से स्थल की ओर मार्ग बंद। वाहनों को नहर पुल, चिरैयाबाग, तेलीबाग और उतरेठिया मार्गों की ओर भेजा जा रहा है।