पाक का दावा-पकड़ी महिला पायलट, क्या बोलें पिता?
जानिए कौन हैं शिवांगी सिंह, अभिनन्दन से उनका कनेक्शन क्या
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
First Female Rafale Pilot Shivangi Singh: पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक खबर तेज़ी से फैल रही थी। पाकिस्तान ने दावा किया कि उसने भारत के 5 फाइटर जेट मार गिराए। साथ ही यह भी कहा कि भारत की महिला राफेल पायलट शिवांगी सिंह को पकड़ लिया गया है। यह दावा तब किया गया, जब भारत ने पहलगाम हमले के 15 दिन बाद पाकिस्तान और POK में आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी। इस हमले में 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए। इनमें कंधार हाईजैक और मुंबई हमलों से जुड़े आतंकी भी थे।
एयरस्ट्राइक के बाद पाकिस्तान ने किए कई दावे
भारत ने 1971 के बाद पहली बार थलसेना, वायुसेना और नौसेना को मिलाकर एक बड़ा ऑपरेशन चलाया। एयरस्ट्राइक के बाद पाकिस्तान ने सोशल मीडिया पर कई दावे किए, जिसमें पहला दावा किया कि पाकिस्तान ने भारत के 5 फाइटर जेट गिराए। वहीं दूसरा दावा था कि पायलट शिवांगी सिंह को पाकिस्तान ने पकड़ लिया है। तीसरा दावा था कि शिवांगी विमान से कूदीं और घायल हो गईं। पाकिस्तानी यूजर्स ने एक महिला पायलट की फोटो शेयर की। कहा गया कि यह शिवांगी हैं।
PIB ने वायरल दावों को बताया फर्ज़ी
कुछ ही घंटों में भारत सरकार के प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने इन सभी दावों को खारिज कर दिया। वायरल फोटो की सच्चाई सामने आई। PIB और फैक्ट चेक वेबसाइट ने बताया कि यह फोटो 1 जून 2023 की है। यह फोटो कर्नाटक के चामराजनगर की है। उस दिन भारतीय वायुसेना का एक ट्रेनिंग जेट क्रैश हुआ था। फोटो में जो महिला पायलट दिख रही हैं। वह शिवांगी सिंह नहीं हैं। उनका नाम भूमिका है। इस क्रैश में वह और उनके साथी विंग कमांडर तेजपाल सुरक्षित बच निकले थे।
परिवार ने क्या कहा?
शिवांगी सिंह के पिता कुमारेश्वर सिंह वाराणसी में रहते हैं। उन्होंने कहा शिवांगी पूरी तरह सुरक्षित है। हमें पहले थोड़ी चिंता हुई लेकिन बाद में सच्चाई पता चली। हमें गर्व है कि हमारी बेटी देश की सेवा कर रही है। उन्होंने बताया कि शिवांगी का सपना पायलट बनने का था। BHU में एनसीसी की ट्रेनिंग लेने के बाद वह 2017 में वायुसेना में शामिल हुईं।
कौन हैं शिवांगी सिंह?
शिवांगी सिंह भारत की पहली महिला राफेल पायलट हैं। वह 2017 में वायुसेना में शामिल हुईं थीं। वह मिग-21 बाइसन भी उड़ा चुकी हैं। बता दें कि वह विंग कमांडर अभिनंदन के साथ भी काम कर चुकी हैं। वाराणसी की रहने वाली हैं। शिवांगी के परिवार में माता सीमा सिंह दो भाई मयंक और शुभांशु और बहन हिमांशी हैं।