अयोध्या में राम मंदिर के प्रथम तल पर राम दरबार की स्थापना आज,
केंद्र से किसी विशिष्ट व्यक्ति को नहीं भेजा जाएगा निमंत्रण
1 months ago
Written By: State Desk
Ram Mandir Ayodhya: अयोध्या के श्रीराम मंदिर में आज एक ऐतिहासिक क्षण आएगा, जब प्रथम तल पर राम दरबार की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। यह मूर्ति जयपुर में तैयार की गई है और इसे मकराना के सफेद संगमरमर से बनाया गया है। इस मूर्ति में भगवान श्रीराम और माता सीता सिंहासन पर विराजमान हैं। भरत और हनुमान जी उनके चरणों के पास बैठे हैं, जबकि लक्ष्मण और शत्रुघ्न भगवान राम के पीछे खड़े होकर चंवर डोलाकर सेवा कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि इसके प्राण प्रतिष्ठा समारोह में केंद्र सरकार से किसी विशिष्ट व्यक्ति को निमंत्रण नहीं भेजा जाएगा।
दर्शन के लिए अब नहीं जाना होगा कालेराम मंदिर
मिली जानकारी के अनुसार, अब तक राम दरबार के विशेष दर्शन के लिए श्रद्धालु अयोध्या के कालेराम मंदिर जाते थे, जहां एक ही शिला पर बना काले शालिग्राम का राम दरबार स्थापित है। लेकिन अब श्रीराम मंदिर में राम दरबार की स्थापना होने के बाद, श्रद्धालुओं को अलग से जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वे सभी राम मंदिर में ही संपूर्ण राम दरबार के दर्शन कर सकेंगे।
3 जून से 5 जून तक होगा प्राण प्रतिष्ठा समारोह
इस बारे में जानकारी देते हुए, श्रीराम मंदिर भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा का समारोह 3 जून से शुरू होगा और मुख्य कार्यक्रम 5 जून को होगा। मंदिर का पूरा निर्माण कार्य भी 5 जून तक पूरा हो जाएगा। इस दौरान मंदिर परिसर में बनाए गए अन्य 7 मंदिरों में भी धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे।
विशिष्ट लोगों को नहीं भेजा जाएगा निमंत्रण
ट्रस्ट के अनुसार, इस बार राज्य या केंद्र सरकार के किसी भी विशिष्ट व्यक्ति को आमंत्रित नहीं किया जाएगा। इसके स्थान पर विभिन्न धर्मों के आध्यात्मिक गुरुओं को बुलाने पर विचार किया जा रहा है, जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय भी बन गया है।
दर्शन के लिए सीमित पास
बताया जा रहा है कि राम दरबार के दर्शन रोज केवल 750 श्रद्धालु ही कर सकेंगे। इसके लिए हर घंटे 50 पास जारी किए जाएंगे। समारोह के एक सप्ताह के भीतर मंदिर का नया भाग आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा।