लखनऊ में सांसद प्रिया और क्रिकेटर रिंकू की सगाई, पहनाएंगे 2.5 लाख की अंगूठी,
22 सांसदों समेत अखिलेश यादव भी होंगे शामिल
2 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Rinku Singh Engagement: लखनऊ में सपा सांसद प्रिया सरोज और क्रिकेटर रिंकू सिंह की सगाई का कार्यक्रम रविवार, 8 जून को सेंट्रम होटल में सादगी और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस मौके पर राजनीति और खेल जगत के कई दिग्गज मौजूद रहेंगे। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ देश के 22 सांसद भी इस समारोह में शामिल होंगे। दोनों परिवारों में सगाई की तैयारियां जोरों पर हैं। रिंकू सिंह की दुल्हन प्रिया सरोज का लहंगा दिल्ली की मशहूर फैशन डिजाइनर महिमा महाजन ने तैयार किया है, जबकि आर्टिफिशियल ज्वेलरी वाराणसी के बेनियाबाग निवासी मोहम्मद जुबैर बना रहे हैं। आईपीएल के समापन के बाद रिंकू सिंह भी अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ लखनऊ में तैयारी में जुट गए हैं।
रिंकू के परिवार ने दुल्हन के लिए खरीदे शगुन में जेवर और साड़ियां
सगाई समारोह में रिंकू सिंह स्टाइलिश कोट-पैंट पहनेंगे, जिसे मुंबई के नामी फैशन डिजाइनर ने तैयार किया है। रिंकू सिंह के परिवार ने सगाई के लिए दुल्हन को शगुन के तौर पर जेवर और साड़ियां भी खरीदी हैं। प्रिया सरोज ने रिंकू के लिए कोलकाता से खास डिजाइनर रिंग मंगवाई है, जबकि रिंकू ने प्रिया के लिए मुंबई से अंगूठी मंगवाई है, जिसकी कीमत लगभग 2.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
भव्य स्टेज पर होगा रिंकू-प्रिया का सगाई समारोह
शहर के हाईप्रोफाइल सेंट्रम होटल के फुलक्रम हॉल में सगाई की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यहां 12x16 फीट का भव्य स्टेज बनाया गया है और केवल 300 मेहमानों को निमंत्रण दिया गया है। परिवार और दोस्तों के लिए 15 से ज्यादा कमरे भी बुक किए गए हैं। सगाई समारोह में प्रमुख रूप से सपा प्रमुख अखिलेश यादव, सांसद पुष्पेंद्र सरोज सहित 6-7 अन्य सांसद और आधा दर्जन विधायक शामिल होंगे। रिंकू सिंह के करीबी दोस्त भी इस मौके पर मौजूद रहेंगे। टीम इंडिया के इंग्लैंड रवाना होने के कारण कुलदीप यादव इस समारोह में शामिल नहीं हो पाएंगे।
18 नवंबर 2025 को वाराणसी में होगी भव्य शादी
गौरतलब, है कि सगाई के बाद शादी की तैयारियां भी जोरों पर हैं। प्रिया सरोज और रिंकू सिंह की शादी 18 नवंबर 2025 को वाराणसी के ताज होटल में भव्य और पारंपरिक अंदाज में होगी। शादी में देशभर के राजनेता, क्रिकेट खिलाड़ी, फिल्मी सितारे और समाजसेवी शामिल होंगे। शादी के लिए ताज होटल का पिकाक लॉन और दरबार हॉल पहले ही बुक कर लिया गया है। वीआईपी मेहमानों के लिए नदेसर पैलेस में कमरे भी आरक्षित किए गए हैं।